Muzaffarnagar Road Accident: रोडवेज बस ने बाइकों को मारी जोरदार टक्कर, 3 साल की बच्ची समेत 5 की मौत

Budhana Road Accident: मुजफ्फरनगर के बुढ़ाना में रोडवेज बस की दो बाइकों से टक्कर में 3 साल की बच्ची समेत 5 लोगों की मौत हो गई। पुलिस फरार चालक की तलाश और हादसे की जांच कर रही है।
Muzaffarnagar Accident
मुजफ्फरनगर हादसाSocial Media
Published on
Updated on

Muzaffarnagar Budhana Road Accident: बुढ़ाना क्षेत्र में बुधवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन साल की मासूम बच्ची समेत पांच लोगों की मौत हो गई। भैसाना गांव के पास तेज रफ्तार रोडवेज बस ने बाइक सवारों को टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि तीन लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दो गंभीर घायलों की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद रोडवेज चालक बस को मौके पर छोड़कर फरार हो गया।

कैसे हुआ हादसा?

बताया जा रहा है कि भैसाना गांव के पास बुढ़ाना से मुजफ्फरनगर की ओर जा रही रोडवेज बस की दो बाइकों से टक्कर हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दो रोडवेज बसें आगे निकलने और सवारियां उठाने की होड़ में तेज रफ्तार से चल रही थीं। इसी दौरान एक बस ने ओवरटेक करने की कोशिश की और सामने से आ रही बाइकों को चपेट में ले लिया।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार सड़क पर जा गिरे। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। ग्रामीणों और राहगीरों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाने की कोशिश की और एंबुलेंस को सूचना दी। हालांकि, एंबुलेंस के पहुंचने तक तीन लोगों की मौत हो चुकी थी। दो गंभीर घायलों को जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उन्होंने भी दम तोड़ दिया।

हादसे में एक अपाचे बाइक सवार को मामूली चोट लगने की बात सामने आई है। वह अपनी बाइक लेकर मौके से चला गया। उसकी पहचान अभी नहीं हो सकी है।

एक बाइक पर सवार थे दो मौसेरे भाई

हादसे का शिकार हुई पहली बाइक पर इदरीश और साजिद सवार थे। दोनों मौसेरे भाई बताए गए हैं। वर्तमान में दोनों शामली के कांधला स्थित मोहल्ला खैल में रहते थे और मूल रूप से भौराकलां क्षेत्र के गांव सावटु के रहने वाले थे। दोनों मुजफ्फरनगर से अपना काम निपटाकर घर लौट रहे थे, लेकिन घर पहुंचने से पहले ही हादसे ने उनकी जान ले ली।

दूसरी बाइक पर फरमान अपने जीजा मोमीन और तीन साल की बेटी अल्लो के साथ सवार था। फरमान बागपत के तमेला गढ़ी का रहने वाला था और अपनी बेटी व जीजा के साथ मुजफ्फरनगर से लौट रहा था। हादसे में पिता फरमान, उसके जीजा मोमीन और मासूम अल्लो की भी मौत हो गई।

हादसे की सूचना पर पहुंचे एसपी देहात

घटना की जानकारी मिलते ही एसपी देहात अक्षय संजय महादिक मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मृतकों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं। फरार रोडवेज चालक की तलाश की जा रही है।

इंस्पेक्टर सुभाष अत्री ने बताया कि फिलहाल मामले में तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी गई है। पुलिस हादसे की परिस्थितियों की जांच कर रही है।

हादसे के बाद ग्रामीणों में आक्रोश

हादसे के बाद ग्रामीणों में रोडवेज बस चालकों की कथित लापरवाही को लेकर आक्रोश है। ग्रामीणों का आरोप है कि सवारियां उठाने और एक-दूसरे से आगे निकलने की होड़ में बस चालक कई बार तेज रफ्तार और खतरनाक तरीके से ओवरटेक करते हैं। उनका कहना है कि इसी तरह की लापरवाही ने पांच परिवारों को गहरा सदमा दिया है।

Muzaffarnagar Accident
UP के कासगंज में भीषण सड़क हादसा, ट्रक-पिकअप की टक्कर में 3 की मौत और 23 घायल, अस्थियां बहाने जा रहा था परिवार

हादसे में जान गंवाने वालों के नाम

  • मोमीन पुत्र मंजूरा, निवासी राजपुर गढ़ी, मुजफ्फरनगर- 25 वर्ष

  • अल्लो पुत्री फरमान, निवासी तमेला गढ़ी, बागपत- 3 वर्ष

  • इदरीश पुत्र कपुरा, निवासी मोहल्ला खैल, कांधला, शामली

  • फरमान पुत्र उमरदीन, निवासी तमेला गढ़ी, बागपत- 25 वर्ष

  • साजिद पुत्र समयदीन, निवासी मोहल्ला खैल, कांधला, शामली- 24 वर्ष

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com