Japan Aomori Earthquake: जापान में प्राकृतिक आपदाओं का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। शनिवार को उत्तरी जापान के आओमोरी प्रांत में रिक्टर स्केल पर 5.8 तीव्रता के भूकंप के झटके महसूस किए गए। जापान मौसम विज्ञान एजेंसी (JMA) के अनुसार, यह भूकंप स्थानीय समयानुसार सुबह 11:48 बजे आया।
गनीमत यह रही कि इस बार प्रशासन की ओर से सुनामी को लेकर कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है, जिससे तटीय इलाकों में रहने वाले लोगों ने राहत की सांस ली है।
मौसम एजेंसी ने बताया कि भूकंप का केंद्र आओमोरी के प्रशांत तट पर जमीन से करीब 80 किलोमीटर की गहराई में स्थित था। भौगोलिक दृष्टि से इसका केंद्र 41.3 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 142.0 डिग्री पूर्व देशांतर पर दर्ज किया गया। हालांकि, तत्काल किसी बड़े जान-माल के नुकसान की खबर नहीं मिली है, लेकिन भूकंप की तीव्रता ने स्थानीय निवासियों के बीच एक बार फिर दहशत पैदा कर दी है।
जापान के लिए यह हफ्ता काफी मुश्किल भरा रहा है। शनिवार को आया यह भूकंप, मंगलवार को क्यूशू के कुमामोटो प्रांत में आए 7.1 तीव्रता के भीषण भूकंप के बाद आया है। मंगलवार के उस हादसे के बाद से अब तक जापान में 170 से अधिक आफ्टरशॉक्स दर्ज किए जा चुके हैं। कुमामोटो में आए उस भूकंप ने भारी तबाही मचाई थी, जिसमें कई पुल ढह गए और दर्जनों इमारतें मलबे में तब्दील हो गई थीं।
कुमामोटो प्रीफेक्चर सरकार के आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, मंगलवार से अब तक भूकंप और संबंधित आपदाओं में मरने वालों की संख्या बढ़कर 35 हो गई है। प्रशासन अभी भी नौ मामलों की गंभीरता से जांच कर रहा है ताकि यह पुष्टि की जा सके कि इन मौतों का सीधा संबंध 7.1 तीव्रता वाले भूकंप से था या नहीं। राहत एवं बचाव कार्य अभी भी युद्ध स्तर पर जारी है।
जापान मौसम विज्ञान एजेंसी (JMA) ने चेतावनी दी है कि अगले एक सप्ताह तक लोगों को अत्यधिक सतर्क रहने की आवश्यकता है। विशेषज्ञों का मानना है कि अगले दो से तीन दिन काफी संवेदनशील हो सकते हैं, जिसमें जापान के 'शिंदो स्केल' पर अधिकतम 7 तीव्रता तक के भूकंप फिर से आ सकते हैं।
यह भी पढ़ें:- अमेरिका का F-35B स्टील्थ फाइटर जेट क्रैश, पायलट ने इजेक्ट कर बचाई जान; मरीन कॉर्प्स ने शुरू की जांच
इसके साथ ही, बचाव कार्यों में जुटे कर्मियों के लिए भीषण गर्मी एक बड़ी चुनौती बन गई है। विशेषज्ञों ने हीट स्ट्रोक के खतरे को देखते हुए बचाव दलों से नियमित अंतराल पर आराम करने और खुद को हाइड्रेटेड रखने की अपील की है।