Jakarta Candy Factory Fire: इंडोनेशिया की एक कैंडी फैक्ट्री में लगी भीषण आग के बाद, लापता 34 कर्मचारियों की तलाश कर रही बचाव टीमों को रविवार को मलबे से इंसानी अवशेष मिले। इन अवशेषों को 24 बॉडी बैग में रखा गया है। हालांकि, अभी यह कहना जल्दबाजी होगी कि कुल कितने लोगों की मौत हुई है। जकार्ता से सटे बांटेन प्रांत में आग बुझाने के लिए 15 दमकल गाड़ियों के साथ पुलिस, सेना और इंडोनेशियाई रेड क्रॉस की टीमें जुटी रहीं।
नेशनल सर्च एंड रेस्क्यू एजेंसी ने पहले बताया था कि आग में कम से कम तीन कर्मचारियों की मौत हुई है। एजेंसी ने अपने हालिया बयान में कहा है कि मिले हुए इंसानी अवशेषों और शरीर के अंगों की अभी फॉरेंसिक जांच और पहचान होनी बाकी है। मृतकों की अंतिम संख्या के लिए फॉरेंसिक जांच का इंतजार है।
बंतेन प्रांत में स्थित 'पीटी फोनुसा आगुंग मुलिया' फैक्ट्री में लगी आग पर रविवार तक काफी हद तक काबू पा लिया गया था, हालांकि कुछ हिस्सों तक अभी भी पहुंचना मुश्किल है। आग शनिवार शाम करीब 5:00 बजे लगी, जिसने बंतेन प्रांत के सेरांग जिले में स्थित तीन मंजिला इमारत को अपनी चपेट में ले लिया। यह इलाका राजधानी जकार्ता के पास ही है।
बंतेन सर्च एंड रेस्क्यू एजेंसी के ऑपरेशंस ऑफिसर रिजकी द्वियांतो ने बताया कि आग बुझाने के लिए 15 दमकल गाड़ियां लगाई गई थीं। फैक्ट्री के कुछ हिस्सों में आग 12 घंटे से भी ज्यादा समय तक सुलगती रही। मौके पर पुलिस, सेना के जवान, इंडोनेशियाई रेड क्रॉस और स्वयंसेवकों की बचाव टीमें मौजूद थीं।
कैंडी फैक्ट्री में बुरी तरह क्षतिग्रस्त इमारत के फर्श पर मलबा बिखरा पड़ा था। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, बचे हुए लोगों ने बताया कि आग तीसरी मंजिल पर मौजूद एक कूलिंग यूनिट से शुरू हुई थी।
इस फैक्ट्री में 'मिल्किता' (Milkita) ब्रांड की कैंडी और स्नैक्स बनाए जाते हैं। यह इंडोनेशिया का डेयरी-आधारित उत्पाद है, जिसका दुनिया भर के 40 से अधिक देशों में निर्यात किया जाता है। रविवार को सेरांग में अधिकारियों के साथ एक संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान, कंपनी के सीईओ स्टीवन विजया ने बताया कि उस समय फैक्ट्री परिसर में लगभग 300 कर्मचारी मौजूद थे। माना जा रहा है कि जब आग लगी, तब प्रभावित हिस्से में 65 कर्मचारी मौजूद थे।
रविवार दोपहर तक, 24 कर्मचारी अपने घर लौट चुके थे। विजया ने कहा, "हम इस त्रासदी से बेहद दुखी हैं। हमने लापता परिजनों के बारे में जानकारी चाहने वाले रिश्तेदारों के लिए एक हेल्पलाइन शुरू की है, और हम प्रभावित परिवारों के लगातार संपर्क में हैं।"
उन्होंने बताया कि स्थानीय दमकलकर्मियों की मदद से फैक्ट्री में नियमित रूप से आपातकालीन और इवैक्यूएशन ड्रिल कराए जाते थे। उन्होंने आगे कहा कि परिसर में निकासी के पर्याप्त रास्ते और अग्नि सुरक्षा प्रणालियां मौजूद थीं, जो आग लगने के समय काम कर रही थीं।
रविवार देर रात जारी एक बयान में अधिकारियों ने बताया कि आग लगने के समय उस जगह पर 63 लोगों के मौजूद होने का अनुमान है। इनमें से 29 लोगों के सुरक्षित बचने की पुष्टि हुई है। घायल कर्मचारियों में से 5 अभी अस्पताल में भर्ती हैं, जबकि 34 लोग अभी भी लापता हैं।
हाल के वर्षों में, इंडोनेशिया में औद्योगिक इकाइयों में आग लगने की कई जानलेवा घटनाएं हुई हैं। इन घटनाओं ने देश के विनिर्माण क्षेत्र में कार्यस्थल सुरक्षा मानकों और आपातकालीन तैयारियों को लेकर चिंताएं बढ़ा दी हैं।
- एजेंसी इनपुट के साथ