Indian Embassy Tehran Advisory Citizens Not To Cross Iran Border: पश्चिम एशिया में जारी भारी तनाव और युद्ध की स्थितियों को देखते हुए, तेहरान स्थित भारतीय दूतावास ने सोमवार (16 मार्च 2026) को ईरान में मौजूद भारतीय नागरिकों के लिए एक नई और महत्वपूर्ण ट्रैवल एडवाइजरी जारी की है। दूतावास ने नागरिकों से अपील की है कि वे सुरक्षा प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन करें और दूतावास के साथ निरंतर संपर्क बनाए रखें।
एडवाइजरी में विशेष रूप से भारतीय नागरिकों को सलाह दी गई है कि वे बिना भारतीय दूतावास की अनुमति और पूर्व आधिकारिक समन्वय के किसी भी जमीनी सीमा (Land Border) को पार करने की कोशिश न करें। दूतावास ने स्पष्ट रूप से कहा है, 'हमें बताए बिना ईरान न छोड़ें'। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि जो लोग दूतावास की जानकारी के बिना जमीनी सीमा से निकलने का प्रयास करेंगे, उन्हें गंभीर लॉजिस्टिक और इमीग्रेशन संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है।
दूतावास ने यह भी स्पष्ट किया है कि यदि कोई व्यक्ति बिना पूर्व सूचना या संपर्क के ईरान की सीमा से बाहर चला जाता है, तो उस स्थिति में दूतावास उसके लिए सहायता करने की स्थिति में नहीं होगा। दूतावास वर्तमान में ईरान में रह रहे भारतीय समुदाय के साथ लगातार संपर्क में है और जहां आवश्यक हो, वहां समन्वित व्यवस्था की जा रही है।
यह एडवाइजरी ऐसे समय में आई है जब 28 फरवरी से अमेरिका और इजरायल द्वारा ईरान पर किए गए संयुक्त हमलों के बाद पूरे खाड़ी क्षेत्र में संघर्ष फैल गया है। तेहरान की जवाबी कार्रवाई और लगातार हो रही एयरस्ट्राइक के कारण सुरक्षा स्थिति अत्यंत संवेदनशील बनी हुई है।
भारतीय दूतावास ने किसी भी यात्रा संबंधी सवाल या आपात स्थिति के लिए निम्नलिखित हेल्पलाइन नंबर और ईमेल जारी किए हैं:
इसके साथ ही नागरिकों से आग्रह किया गया है कि वे किसी भी अनियोजित यात्रा से बचें और केवल आधिकारिक माध्यमों से ही अपनी आवाजाही की योजना बनाएं।