China South Korea Relations: चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने चीन की राजधानी बीजिंग स्थित जन वृहत भवन में दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति ली जे-म्योंग के साथ द्विपक्षीय वार्ता की। यह मुलाकात ऐसे समय हुई है, जब एशिया-प्रशांत क्षेत्र में राजनीतिक और आर्थिक संतुलन तेजी से बदल रहा है और क्षेत्रीय सहयोग को लेकर वैश्विक नजरें दोनों देशों पर टिकी हुई हैं।
वार्ता के दौरान राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने दक्षिण कोरिया की जनता को नववर्ष की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति ली के साथ उनकी यह मुलाकात और पहले हुए संवाद इस बात का प्रमाण हैं कि चीन और दक्षिण कोरिया अपने द्विपक्षीय संबंधों को कितनी गंभीरता से लेते हैं। शी ने स्पष्ट किया कि चीन की पड़ोसी कूटनीति में दक्षिण कोरिया का हमेशा से एक महत्वपूर्ण स्थान रहा है और सियोल के प्रति बीजिंग की नीति में निरंतरता और स्थिरता बनी हुई है।
शी जिनपिंग ने यह भी कहा कि चीन, दक्षिण कोरिया के साथ मैत्रीपूर्ण सहयोग की दिशा को मजबूती से आगे बढ़ाना चाहता है। उन्होंने पारस्परिक लाभ और समान विकास के सिद्धांत पर जोर देते हुए कहा कि चीन-दक्षिण कोरिया रणनीतिक सहयोग साझेदारी को स्वस्थ और संतुलित रास्ते पर आगे बढ़ाया जाएगा। इसका सीधा लाभ दोनों देशों के नागरिकों को मिलेगा और साथ ही यह क्षेत्रीय एवं वैश्विक शांति तथा विकास में सकारात्मक योगदान देगा।
दूसरी ओर, दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति ली जे-म्योंग ने चीनी जनता को नववर्ष की शुभकामनाएं दीं और कहा कि चीन और दक्षिण कोरिया केवल पड़ोसी ही नहीं, बल्कि लंबे समय से जुड़े रणनीतिक साझेदार हैं। उन्होंने माना कि दोनों देशों के बीच ऐतिहासिक, आर्थिक और सांस्कृतिक संबंध बेहद गहरे हैं। राष्ट्रपति ली ने कहा कि दक्षिण कोरिया चीन के साथ अपने रिश्तों को अत्यंत महत्व देता है और नए साल की शुरुआत में यह शिखर बैठक द्विपक्षीय संबंधों को नई दिशा देने का अवसर है।
वार्ता के बाद दोनों राष्ट्रपतियों की मौजूदगी में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी नवाचार, पारिस्थितिक पर्यावरण संरक्षण, परिवहन, आर्थिक और व्यापारिक सहयोग जैसे अहम क्षेत्रों से जुड़े 15 सहयोग दस्तावेजों पर हस्ताक्षर किए गए। इन समझौतों से दोनों देशों के बीच निवेश, तकनीकी साझेदारी और सतत विकास को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
यह भी पढ़ें:- चीन को घेरने की बड़ी तैयारी; अमेरिका ने फिर खोले WWII वाले मिलिट्री बेस, ‘ड्रैगन’ में मची खलबली
इससे पहले, राष्ट्रपति शी जिनपिंग और उनकी पत्नी फेंग लियुआन ने जन वृहत भवन के उत्तरी हॉल में राष्ट्रपति ली जे-म्योंग और उनकी पत्नी किम हे-क्यंग के लिए औपचारिक स्वागत समारोह आयोजित किया। वहीं, शाम को जन वृहत भवन के गोल्डन हॉल में उनके सम्मान में एक भव्य राजकीय भोज का भी आयोजन किया गया।