भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार और UAE में भारत के राजदूत दीपक मित्तल (सोर्स-सोशल मीडिया)
विदेश

कैप्टन स्मित की अब कैसी है तबीयत? भारतीय दूतावास ने जारी किया अस्पताल में भर्ती पायलट का हेल्थ अपडेट

Captain Smit Health: फ्लाईदुबाई प्लेन में 174 लोगों की जान बचाने वाले भारतीय पायलट कैप्टन स्मित की सेहत में सुधार हो रहा है। UAE में भारतीय दूतावास ने बताया कि वे अब तेजी से ठीक हो रहे हैं।

प्रिया सिंह

Captain Smit Health Update Dubai: फ्लाईदुबाई की फ्लाइट में 174 जिंदगियां बचाने वाले भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार की सेहत में सुधार हो रहा है। UAE में भारतीय दूतावास ने बताया कि अस्पताल में भर्ती कैप्टन स्मित अब पूरी तरह सुरक्षित हैं तथा तेजी से ठीक हो रहे हैं।

UAE में भारत के राजदूत दीपक मित्तल ने गुरुवार को दुबई के अस्पताल में घायल कैप्टन स्मित और उनके परिवार से मुलाकात की। मुलाकात के बाद राजदूत ने बताया कि कैप्टन स्मित अब खुलकर बात कर रहे हैं, मुस्कुरा रहे हैं और उनका हौसला बुलंद है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी कैप्टन स्मित के परिजनों से फोन पर बात कर उनकी अदम्य वीरता की जमकर सराहना की। जानलेवा हमले का सामना कर बड़ी त्रासदी टालने वाले इस जांबाज पायलट को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू व नेताओं ने सैल्यूट किया।

हवा में को-पायलट से भिड़ंत और सूझबूझ से बचाईं 174 जिंदगियां

दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबाई की उड़ान के दौरान कॉकपिट में अचानक संकट पैदा हो गया था। को-पायलट ने अचानक कैप्टन स्मित पर चाकू से हमला कर प्लेन गिराने की कोशिश की थी।

गंभीर रूप से घायल और खून से लथपथ होने के बावजूद कैप्टन स्मित ने हिम्मत नहीं हारी। उन्होंने साहस दिखाकर कॉकपिट का दरवाजा खोल दिया ताकि बाहर मौजूद यात्री मदद कर सकें। दरवाजा खुलते ही यात्रियों और क्रू मेंबर्स ने कॉकपिट में घुसकर हमलावर को काबू कर लिया।

इसके बाद विमान की सऊदी अरब के शहर में सुरक्षित इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। सऊदी में शुरुआती इलाज के बाद कैप्टन स्मित को एयरलिफ्ट करके दुबई लाया गया। दुबई एयरलिफ्ट किए जाने के बाद से डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज जारी है।

राजदूत दीपक मित्तल की परिजनों से मुलाकात और पीएम मोदी का फोन

भारत के राजदूत दीपक मित्तल और महावाणिज्यदूत ई. विष्णु वर्धन रेड्डी ने परिजनों से मुलाकात की। भारतीय मिशन ने परिवार को कैप्टन के बेहतर स्वास्थ्य और रिकवरी की पूरी जानकारी दी। राजदूत ने परिजनों को आश्वस्त किया कि भारत सरकार और दूतावास उनके साथ खड़ा है।

उन्होंने कहा कि कैप्टन स्मित ने असाधारण साहस दिखाकर बड़ी त्रासदी टाली, जिस पर देश को गर्व है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी कैप्टन स्मित के परिजनों से फोन पर सीधी बातचीत की। पीएम मोदी ने पायलट की बहादुरी की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने सैकड़ों लोगों की जान बचाई।

प्रधानमंत्री ने आश्वस्त किया कि भारतीय मिशन अस्पताल में भर्ती कैप्टन को सहायता दे रहे हैं। दूतावास स्थानीय अधिकारियों संग संपर्क बनाकर बेहतर इलाज सुनिश्चित कर रहा है।

गुजरात गरिमा अवॉर्ड की घोषणा और देश भर में दुआओं का दौर

कैप्टन स्मित मच्छार की इस अदम्य वीरता और साहस का लोहा आज पूरी दुनिया मान रही है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, पीएम मोदी और इजरायली पीएम नेतन्याहू ने उन्हें हीरो बताया। गुजरात सरकार ने घोषणा की है कि कैप्टन स्मित को 'विशिष्ट गुजरात गरिमा अवॉर्ड' दिया जाएगा।

वहीं रवीना टंडन और कंगना रनौत समेत कई हस्तियों ने उनकी बहादुरी को सलाम किया है। कैप्टन स्मित के जल्द ठीक होने के लिए देश भर में विशेष पूजा-पाठ आयोजित हो रहे हैं। नागरिक और संगठन उनकी दीर्घायु और उत्तम स्वास्थ्य की प्रार्थना कर रहे हैं।

लहूलुहान होने के बाद भी कर्तव्य से न डिगने वाले कैप्टन स्मित प्रेरणा हैं। दुबई के अस्पताल में वे तेजी से स्वस्थ हो रहे हैं और जल्द घर लौटेंगे।

दिसंबर के पहले सप्ताह में शुरू हो सकता है संसद का शीतकालीन सत्र, परिसीमन बिल पास कराने की तैयारी!

Chhath Puja 2026 Live Updates: आज अस्ताचलगामी सूर्य को दिया गया अर्घ्य, घाटों पर उमड़े श्रद्धालु

कांग्रेस का चलो दिल्ली कार्यक्रम टला, 26 नवंबर के लिए नया प्लान; अब क्या करने जा रहे राहुल गांधी?

पुणे के बाद अब नागपुर, नासिक और कोल्हापुर में भी चलेगी भारत टैक्सी! अमित शाह ने किया बड़ा ऐलान

जब लालू यादव ने राज ठाकरे को दी थी खुली चुनौती, क्या है मुंबई के शिवाजी पार्क में छठ करने वाली घटना? VIDEO