Highlights:
FBI के मोस्ट वांटेड अपराधियों में शामिल फॉस्टो इसिद्रो मेजा फ्लोरेस उर्फ एल चापो इसिद्रो की गिरफ्तारी।
गिरफ्तारी के बाद सिनालोआ राज्य में भड़की हिंसा, गोलीबारी में 11 लोगों की मौत और 10 जगहों पर सड़कें जाम।
अमेरिकी खुफिया जानकारी से गिरफ्तारी में मिली मदद और कार्टेल के भीतर सत्ता संघर्ष बढ़ने की आशंका।
Cartel Boss El Chapo Isidro Arrest: मैक्सिको में कुख्यात ड्रग माफिया की गिरफ्तारी के बाद हिंसा भड़क उठी है। देश के उत्तरी सिनालोआ राज्य में सुरक्षा बलों और ड्रग कार्टेल के हथियारबंद सदस्यों के बीच भीषण संघर्ष हुआ। इस हिंसा में 11 लोगों की मौत हो गई। कई गाड़ियों और दुकानों को आग के हवाले कर दिया गया। हालात इतने बिगड़ गए कि लोगों को अपनी जान बचाने के लिए दुकानों और दूसरी इमारतों में छिपना पड़ा।
मैक्सिको की आर्मी ने FBI की मोस्ट वांटेड सूची में शामिल ड्रग माफिया फॉस्टो इसिद्रो मेजा फ्लोरेस को गिरफ्तार किया है। उसे 'एल चापो इसिद्रो' के नाम से भी जाना जाता है। उसकी गिरफ्तारी के बाद सिनालोआ राज्य के गुआसावे शहर में हिंसा शुरू हो गई।
मेजा फ्लोरेस बेल्ट्रान लेवा कार्टेल का प्रमुख रह चुका है। बाद में उसने अपना अलग आपराधिक संगठन मेजा-फ्लोरेस ट्रांसनेशनल क्रिमिनल ऑर्गनाइजेशन बनाया। वह अमेरिका में ड्रग्स की तस्करी और अवैध हथियार रखने के मामलों में वांछित था। अमेरिका ने उसकी गिरफ्तारी में मददगार जानकारी देने वाले के लिए 50 लाख डॉलर के इनाम की घोषणा की थी।
मैक्सिको सरकार ने शनिवार को बताया कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रशासन से मिली खुफिया जानकारी ने इस गिरफ्तारी में अहम भूमिका निभाई। हालांकि, दोनों देशों की एजेंसियों के बीच ऑपरेशन को लेकर किस तरह तालमेल हुआ, इसकी विस्तृत जानकारी साझा नहीं की गई।
मैक्सिको के सुरक्षा बलों ने गोपनीय तरीके से गुआसावे शहर में उस इमारत को घेर लिया, जहां मेजा फ्लोरेस मौजूद था। इस दौरान संदिग्ध कार्टेल सदस्यों ने गोलीबारी और विस्फोटकों से हमला किया। जवाबी कार्रवाई के बाद उसे हिरासत में ले लिया गया। बाद में विमान से मैक्सिको सिटी ले जाया गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, बीते शुक्रवार 2 नवंबर की शाम करीब 7 बजे गुआसावे में गोलीबारी शुरू हुई। कार्टेल के सदस्यों ने जलते हुए वाहनों से कम से कम 10 जगहों पर सड़कें जाम कर दीं। कई ट्रक, कार और दुकानें आग के हवाले कर दी गईं।
स्थानीय पत्रकार अल्मा कामाचो के मुताबिक, हिंसा शहर के अलग-अलग हिस्सों में फैल गई थी। फायरफाइटर पाओला सांचेज ने बताया कि हजारों लोगों ने दुकानों और दूसरी जगहों पर छिपकर अपनी जान बचाई। सुरक्षा बलों की मौजूदगी के बावजूद शनिवार सुबह तक शहर में तनाव बना रहा।
मेजा फ्लोरेस सिनालोआ कार्टेल के लॉस मायोस गुट का अहम सहयोगी था। उसकी गिरफ्तारी को कार्टेल के लिए बड़ा नुकसान माना जा रहा है। हालांकि, सुरक्षा विशेषज्ञों का कहना है कि बड़े अपराधियों को गिरफ्तार करने से कार्टेल के भीतर सत्ता की लड़ाई तेज हो सकती है। इससे पहले भी मैक्सिको में बड़े ड्रग माफियाओं की गिरफ्तारी के बाद हिंसा बढ़ने की घटनाएं सामने आई हैं।