Abhishek Banerjee ED CID Interrogation: अभिषेक बनर्जी की मुश्किलें अब बढ़ती नजर आ रही है। तृणमूल कांग्रेस (TMC) के महासचिव और लोकसभा सांसद अभिषेक बनर्जी के खिलाफ शनिवार को पश्चिम बंगाल के दो अलग-अलग जिलों के दो पुलिस थानों में अलग-अलग आरोपों को लेकर शिकायत दर्ज कराई गई है। अब अभिषेक 14 जून से 16 जून तक ईडी और सीआईडी के घेरे में रहेंगे।
पहली शिकायत दार्जिलिंग जिले के सिलीगुड़ी महानगर पुलिस के अंतर्गत आने वाले सिलीगुड़ी साइबर पुलिस स्टेशन में कारोबारी संजय कुमार सिंघल ने दर्ज कराई है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि विधानसभा चुनाव से पहले विभिन्न चुनावी सभाओं में अभिषेक बनर्जी द्वारा दिए गए कई बयान चुनाव बाद हिंसा भड़काने वाले थे। शिकायतकर्ता ने पुलिस से मामले की गहन जांच कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
दूसरी शिकायत दक्षिण 24 परगना जिले के बिष्णुपुर थाने में भाजपा नेता अविजीत दास उर्फ बॉबी ने दर्ज कराई है। अविजीत दास वर्ष 2019 और 2024 के लोकसभा चुनाव में डायमंड हार्बर सीट से अभिषेक बनर्जी के खिलाफ भाजपा उम्मीदवार रह चुके हैं। उन्होंने आरोप लगाया है कि वर्ष 2020 में आए चक्रवात अम्फान के बाद राहत सामग्री वितरण में भ्रष्टाचार हुआ था, जिसमें अभिषेक बनर्जी की भूमिका की जांच होनी चाहिए। उन्होंने इस मामले की जांच के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) गठित करने की मांग की है। इस बीच अभिषेक बनर्जी को 14 से 16 जून तक लगातार तीन दिनों में तीन अलग-अलग मामलों में जांच एजेंसियों के समक्ष पेश होना होगा।
14 जून को उन्हें राज्य पुलिस की अपराध जांच विभाग (सीआईडी) के मुख्यालय भवानी भवन में विधानसभा में विपक्ष के नेता की नियुक्ति से जुड़े प्रस्ताव पर कुछ विधायकों के हस्ताक्षरों में कथित गड़बड़ी के मामले में पूछताछ के लिए बुलाया गया है। इस मामले में उनसे पहले भी लंबी पूछताछ हो चुकी है।
यह भी पढ़ें - बागी सांसदों को BJP कभी स्वीकार नहीं करेगी, कल्याण बनर्जी के बदले तेवर, अभिषेक पर पिघला दिल
15 जून को उन्हें कोलकाता के साल्ट लेक स्थित प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) कार्यालय में कथित करोड़ों रुपये के शिक्षक भर्ती घोटाले (कैश-फॉर-स्कूल-जॉब) मामले में पूछताछ के लिए उपस्थित होना होगा। ईडी ने उन्हें 3 जून को समन जारी किया था।
वहीं 16 जून को अभिषेक बनर्जी एक बार फिर सीआईडी मुख्यालय में पेश होंगे, जहां विधानसभा चुनाव से पहले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को धमकी देने और हिंसा भड़काने के आरोपों से जुड़े मामले में उनसे पूछताछ की जाएगी। इस संबंध में सीआईडी ने गुरुवार शाम उन्हें नोटिस जारी किया था।
(एजेंसी इनपुट के साथ)