West Bengal Ruckus in Asansol: पश्चिम बंगाल के आसनसोल में देर रात हंगामा खड़ा हो गया। आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के तहत जहांगीर मोहल्ला और आस-पास के इलाकों में शुक्रवार (15, मई) की रात तनाव फैल गया। इलाके में लाउडस्पीकर नियमों के बारे में जागरूकता अभियान को लेकर कथित तौर पर एक पुलिस चौकी पर हमला किया गया और तोड़फोड़ की गई।
तोड़फोड़ के बाद कसाई मोहल्ला चौकी के पास भीड़ जमा हो गई, और वहां से पत्थरबाजी तथा पुलिस के वाहनों और मोटरसाइकिलों को नुकसान पहुंचाने की खबरें सामने आईं। मामला इतना बिगड़ गया कि पुलिस को लाठीचार्ज करने के साथ-साथ आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े। आसनसोल पुलिस ने इलाके में अतिरिक्त बल तैनात कर दिया और मामले की जांच कर रही है।
आसनसोल पुलिस ने मौके पर आंसू गैस के गोले छोड़े और हालात को काबू में लाया। पुलिस उपायुक्त वी.जी. सतीश पसुमार्थी ने जानकारी देते हुए बताया, अब स्थिति नियंत्रण में है। सब कुछ पुलिस के नियंत्रण में है और कोई समस्या नहीं है। हमें जो भी CCTV फुटेज मिले हैं, हम उनकी पहचान कर रहे हैं और इसमें शामिल सभी लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
एक स्थानीय निवासी ने बताया, यह एक ऐसी घटना है जिसमें कुछ लड़के आए, उन्होंने पुलिस चौकी को नुकसान पहुंचाया और कानून को अपने हाथों में ले लिया। उन्हें ऐसा नहीं करना चाहिए था। इसके बजाय उन्हें बैठकर बातचीत करनी चाहिए थी। उन्होंने गलत किया है। पुलिस चौकी को नष्ट नहीं किया जाना चाहिए। यहां प्रशासन के साथ कोई लड़ाई नहीं है।
यह भी पढ़ें - 4 तारीख के बाद डीजे बजेगा…चुनावी भाषण में धमकी देना अभिषेक बनर्जी को पड़ा भारी, शाह को दी थी चुनौती, FIR दर्ज
खबर मिलते ही वार्ड नंबर 25 के कांग्रेस पार्षद एस.एम. मुस्तफा घटनास्थल पर पहुंचे। पार्षद ने कहा, "जब हमें यह खबर मिली, तब हम बाजार में, पार्टी ऑफिस में थे। ऐसा क्यों हुआ? इसकी वजह क्या थी? हमें पता चला कि कुछ नौजवानों, जिन्हें तथाकथित (Gen Z) कहा जाता है की शायद पुलिस से कोई बहस हो गई थी। हम इस घटना के पीछे की असल वजह का पता नहीं लगा पाए हैं। लेकिन जिस तरह से यह सब हुआ, वह बिल्कुल भी मंजूर नहीं है।"
उपद्रवियों ने पुलिस चौकी के कंप्यूटर, सीसीटीवी को तोड़ दिया। पुलिस चौकी के अंदर पत्थर और ईंटों के बड़े टुकड़े पाए गए और पूरा सामान बिखरा पड़ा मिला। तनाव के दौरान उपद्रवियों ने आसपास रखे वाहनों को भी नुकसान पहुंचाया। पुलिस को जवाबी कार्रवाई में लाठीचार्ज करना पड़ा और भीड़ को हटाने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े।
फिलहाल, आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट इलाके में तनाव भरा माहौल है। आसनसोल में पैरामिलिट्री फोर्स को डिप्लॉय किया गया है। फोर्स ने शांति बनाए रखने के लिए पूरे इलाके में मार्च भी किया। इस समय स्थिति सामान्य बनी हुई है।