Public Etiquette Video : सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने सार्वजनिक स्थानों पर लोगों के व्यवहार और सिविक सेंस को लेकर नई बहस छेड़ दी है। वीडियो में एक महिला यात्री को ट्रेन के अंदर सीट के नीचे कूड़ा फेंकते और उसी सीट पर बैठकर हाथ धोते हुए देखा जा सकता है।
दावा किया जा रहा है कि डिब्बे में कूड़ेदान मौजूद होने के बावजूद महिला ने उसका इस्तेमाल नहीं किया। यह वीडियो सामने आने के बाद लोग सोशल मीडिया पर जमकर प्रतिक्रिया दे रहे हैं और सार्वजनिक स्थानों को साफ रखने की अपील कर रहे हैं।
वायरल वीडियो को इंस्टाग्राम पर @randomkaand2 नाम के अकाउंट से शेयर किया गया है। वीडियो रिकॉर्ड करने वाले शख्स का दावा है कि वह महिला के सामने वाली सीट पर बैठा था। उसके अनुसार, करीब पांच घंटे की यात्रा के दौरान महिला लगातार नाश्ता करती रही और खाने के बचे हुए टुकड़े, छिलके और पैकेट सीट के नीचे फेंकती रही।
वीडियो में सीट के आसपास फर्श पर फैला कचरा साफ दिखाई देता है। इतना ही नहीं, एक समय महिला ने पानी की बोतल निकाली और अपनी सीट पर बैठे-बैठे हाथ भी धो लिए। वीडियो में यह भी दावा किया गया है कि कोच के बाहर कूड़ेदान उपलब्ध था, लेकिन इसके बावजूद उसका उपयोग नहीं किया गया। हालांकि, इस दावे की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।
ये खबर भी पढ़ें : कनाडा में जंगल में सोफा फेंक रहे भारतीयों को घर मालिक ने रंगे हाथों पकड़ा, वापस बुलाकर खुद उठवाया कचरा
वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स ने महिला के व्यवहार की आलोचना की। एक यूजर ने लिखा कि सार्वजनिक जगहों को साफ रखना हर नागरिक की जिम्मेदारी है। दूसरे ने कहा कि ऐसे लोगों के कारण दूसरों को परेशानी उठानी पड़ती है। वहीं एक अन्य यूजर ने लिखा कि सिविक सेंस की शिक्षा बचपन से ही दी जानी चाहिए।
कई लोगों ने यह भी कहा कि उन्होंने ट्रेनों में पहले भी इस तरह की घटनाएं देखी हैं, जहां कुछ यात्री खाने के बाद कचरा सीट के नीचे फेंक देते हैं या वहीं हाथ-मुंह धोने लगते हैं। यह वीडियो एक बार फिर इस बात की याद दिलाता है कि सार्वजनिक संपत्ति की सफाई बनाए रखना हर नागरिक की साझा जिम्मेदारी है।