वियतनाम में शादी के बाद ससुराल जा रही दुल्हन की कार धान के खेत में पलट गई सोर्स- सोशल मीडिया
वायरल

वियतनाम में शादी के बाद दुल्हन के साथ हुआ ऐसा कांड! धान के खेत में पलटी कार, कीचड़ से सना गाउन; VIDEO वायरल

Vietnam Bride Accident Video: वियतनाम में शादी के बाद ससुराल जा रही गर्भवती दुल्हन की कार धान के खेत में पलट गई। सफेद गाउन में कीचड़ से सनी दुल्हन का वीडियो वायरल है।

करुणा नंद शाहवाल

Highlights:

  • वियतनाम में शादी के बाद ससुराल जा रही दुल्हन की कार धान के खेत में पलट गई।

  • गर्भवती दुल्हन का सफेद वेडिंग गाउन कीचड़ से पूरी तरह सन गया।

  • मेडिकल जांच में दुल्हन और उसके गर्भ में पल रहे बच्चे को सुरक्षित पाया गया।

Wedding Day Accident Video: शादी का दिन हर दूल्हा-दुल्हन के लिए बेहद खास होता है। इस दिन को यादगार बनाने के लिए महीनों पहले से तैयारियां की जाती हैं, लेकिन अगर शादी की खुशियों के बीच अचानक कोई हादसा हो जाए तो पूरा माहौल बदल जाता है।

सोशल मीडिया पर इन दिनों एक नई नवेली दुल्हन का ऐसा ही वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में दुल्हन अपने खूबसूरत सफेद वेडिंग गाउन में सिर से पैर तक कीचड़ में सनी दिखाई दे रही है। दरअसल, शादी के बाद ससुराल जाते समय उसकी कार सड़क से फिसलकर धान के खेत में जा गिरी।

शादी के बाद रास्ते में हुआ हादसा

वायरल वीडियो इंस्टाग्राम अकाउंट @nonglien1993 से शेयर किया गया है। यह घटना वियतनाम की बताई जा रही है। वहां 19 वर्षीय दुल्हन डैम थी जुआन की 21 साल के ली वैन वियत से शादी हुई थी।

10 नवंबर को शादी की रस्में पूरी होने के बाद दुल्हन अपने पति के साथ ससुराल जाने के लिए कार में बैठी थी। दोनों अपनी नई जिंदगी की शुरुआत करने जा रहे थे, लेकिन रास्ते में मौसम ने पूरा नजारा बदल दिया।

धान के खेत में पलटी कार

रास्ते में तेज हवाओं और बारिश के कारण कार चालक गाड़ी पर नियंत्रण खो बैठा। इसके बाद कार सड़क से फिसलकर करीब एक मीटर गहरे कीचड़ से भरे धान के खेत में जा गिरी। हादसे के बाद कार एक तरफ झुक गई।

दुल्हन की तरफ वाली खिड़की खुली होने के कारण उसका चेहरा सीधे कीचड़ में चला गया। देखते ही देखते उसका सफेद वेडिंग गाउन भी मिट्टी और कीचड़ से पूरी तरह भर गया। जिस गाउन को उसने अपने खास दिन के लिए चुना था, उसका रंग कुछ ही पलों में बदल गया।

गर्भवती दुल्हन और बच्चा सुरक्षित

इस घटना के बाद सबसे ज्यादा चिंता दुल्हन की सेहत को लेकर हुई, क्योंकि वह गर्भवती थी। आसपास मौजूद कुछ युवकों ने पहले कार को सीधा करने की कोशिश की, लेकिन वे सफल नहीं हो सके। इसके बाद स्थानीय लोग मदद के लिए आगे आए और सभी ने मिलकर कार को उठाया।

काफी मशक्कत के बाद दूल्हा-दुल्हन को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। हादसे के बाद दुल्हन को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मेडिकल जांच की गई। राहत की बात यह रही कि जांच में दुल्हन और उसके गर्भ में पल रहे बच्चे दोनों सुरक्षित पाए गए। इस हादसे में किसी को गंभीर चोट नहीं आई।

वायरल वीडियो पर मजेदार प्रतिक्रियाएं

दुल्हन के कीचड़ से सने सफेद गाउन का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इसे देखकर यूजर्स तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। कुछ लोगों ने इसे नई दुल्हन के लिए बेहद मुश्किल और यादगार दिन बताया, तो कुछ ने मजाकिया अंदाज में टिप्पणी की।

एक यूजर ने लिखा कि अगर वह दूल्हे की जगह होता तो खुद भी कीचड़ में गिरकर दुल्हन के साथ मैच कर लेता। वहीं, एक अन्य यूजर ने इस नजारे को सिंड्रेला जैसा बताया। हादसे के बावजूद दुल्हन और बच्चे के सुरक्षित होने की खबर से लोगों ने राहत भी जताई है।

11 घंटे में 4 बार कांपी जम्मू-कश्मीर की धरती, क्या यह किसी बड़े खतरे का संकेत है?

दिल्ली के रामलीला मैदान में रैलियों और प्रदर्शनों के लिए नया SOP तैयार, तय हुआ समय और भीड़ का दायरा

गोधरा कांड: CBI के पूर्व विशेष निदेशक राकेश अस्थाना का दावा- लालू यादव मुझे चाहते थे फंसाना

दिल्ली AIIMS ने रचा इतिहास, मां के गर्भ में किया शिशु की रीढ़ के हड्डी का सफल ऑपरेशन

तेलंगाना में गिग वर्कर्स को 5 लाख का दुर्घटना बीमा, 10 लाख का हेल्थ कवर; राहुल गांधी ने लॉन्च की योजना