वायरल वीडियो के स्क्रीनशॉट। (सोर्स - सोशल मीडिया) 
वायरल

बर्फ की चादर में रची शादी: त्रियुगीनारायण मंदिर में मेरठ के कपल ने लिए सात फेरे, वीडियो हुआ वायरल

Snow Wedding : उत्तराखंड के त्रियुगीनारायण मंदिर में सीजन की पहली भारी बर्फबारी के बीच मेरठ के कपल की शादी का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

हितेश तिवारी

Triyuginarayan Temple Wedding : उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले में स्थित पौराणिक त्रियुगीनारायण मंदिर में हुई एक शादी इन दिनों सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई है। वसंत पंचमी के अवसर पर मेरठ के एक कपल ने यहां सात फेरे लिए, लेकिन इस शादी को खास बना दिया सीजन की पहली भारी बर्फबारी ने।

वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि मंदिर परिसर पूरी तरह मोटी बर्फ की चादर से ढका हुआ है। दुल्हन लाल लहंगे में और दूल्हा पारंपरिक शेरवानी के ऊपर जैकेट पहनकर बर्फ पर चलते नजर आते हैं। पीछे से एक महिला दुल्हन का लहंगा थामे चल रही है ताकि वह बर्फ में भीग न जाए। इस अनोखे नजारे ने लोगों का दिल जीत लिया है।

भारी बर्फबारी के बीच हुई शादी

वीडियो में कपल के चेहरे पर खुशी और संतोष साफ झलकता है। दूल्हा कैमरे की ओर देखकर कहता है कि उन्हें प्रभु का आशीर्वाद मिल गया है। बताया जा रहा है कि यह शादी त्रियुगीनारायण मंदिर में हुई, जिसे पौराणिक मान्यताओं के अनुसार भगवान शिव और माता पार्वती के विवाह स्थल के रूप में जाना जाता है।

बर्फ से ढकी जमीन के बीच पवित्र अग्नि के चारों ओर होते फेरे किसी दिव्य दृश्य से कम नहीं लगते। जब शादी के बाद कपल से बातचीत की गई तो उन्होंने बताया कि वे मेरठ से आए हैं और इस ऐतिहासिक स्थल पर विवाह करना उनके लिए सपना था, जो बर्फबारी के बीच और भी यादगार बन गया।

लोगों ने कहा- बर्फ में ऐसी शादी पहली बार देखी

इस वीडियो के वायरल होते ही सोशल मीडिया पर लोगों की प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई। किसी ने लिखा कि बर्फ में ऐसी शादी पहली बार देखी है, तो किसी ने दुल्हन की तारीफ करते हुए कहा कि इतनी ठंड में भी वह बेहद ग्रेसफुल लग रही हैं। इसी बीच उत्तराखंड में हुई भारी बर्फबारी की तस्वीरें और वीडियो भी इंटरनेट पर छाए हुए हैं।

बद्रीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री, यमुनोत्री, औली, मसूरी, चकराता, धनोल्टी और मुनस्यारी समेत कई ऊंचाई वाले इलाकों में मोटी बर्फ जम गई है। नैनीताल की चाइना पीक, किलबरी, अल्मोड़ा की दूनागिरि और पौड़ी का टारकेश्वर भी बर्फ से सफेद नजर आ रहे हैं। हालांकि, बर्फबारी से जहां पर्यटक रोमांचित हैं, वहीं कई जगह परिवहन व्यवस्था प्रभावित हुई है।

देश के कई राज्यों में आगजनी का तांडव: दिल्ली-गाजियाबाद से सिक्किम और पटना तक मचा हड़कंप

देश का पहला निजी फ्यूजन रिएक्टर, ऊर्जा क्षेत्र में नई क्रांति की तैयारी; जानिए क्यों है यह खास

अनंत सिंह की बेटी की भव्य शादी, जानिए कौन हैं शिवांगी और उनके पति ऋषिकेश; क्या करते हैं काम?

बाबरी मस्जिद को टूटते देख सोनिया गांधी क्यों रोने लगी? मात्र 1 प्वॉइंट में जानें

अब चीन पर निर्भरता खत्म! भारत में बनेंगे शिपिंग कंटेनर, मोदी सरकार ने खोला 10 हजार करोड़ का खजाना