Everest Pollution Viral Video : दुनिया की सबसे ऊंची चोटी माउंट एवरेस्ट अपनी ऊंचाई और खूबसूरती के लिए जानी जाती है। नेपाल और चीन की सीमा पर स्थित यह पर्वत समुद्र तल से 8,849 मीटर ऊंचा है और हर साल सैकड़ों पर्वतारोही इसे फतह करने का सपना लेकर यहां पहुंचते हैं।
लेकिन अब यह सपना एक डरावनी सच्चाई में बदलता नजर आ रहा है। हाल ही में सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो ने लोगों को झकझोर कर रख दिया है, जिसमें एवरेस्ट की बर्फ कचरे से ढकी दिखाई दे रही है।
Everest Today नाम के प्लेटफॉर्म द्वारा शेयर किए गए इस वीडियो में देखा जा सकता है कि बर्फ के बीच प्लास्टिक पॉलिथीन, खाने के पैकेट, पुराने कपड़े, खाली ऑक्सीजन सिलेंडर और फटे हुए टेंट बिखरे पड़े हैं। बताया जा रहा है कि यह वीडियो साल 2024 का है, लेकिन हालात आज भी लगभग वैसे ही बने हुए हैं।
खासतौर पर ऊंचाई पर बने कैंप, जैसे कैंप-4, जहां पर्वतारोहियों को ऑक्सीजन के सहारे रहना पड़ता है, वहां कचरे का ढेर जमा हो गया है। यह दृश्य दिखाता है कि इंसान ने अपनी सुविधा के लिए प्रकृति की कितनी अनदेखी की है।
ये खबर भी पढ़ें : मंच पर छात्रा के बालों में लगी आग, फिर भी नहीं घबराई, मुस्कुराते हुए बुझाई लपटें; वीडियो वायरल
Everest Today ने X पर लिखा कि जहां इंसान ऑक्सीजन के सहारे जिंदा रहता है, वहीं पहाड़ हमारे कचरे के नीचे दम तोड़ता नजर आ रहा है। पोस्ट में साफ कहा गया कि सागरमाथा की रक्षा कोई विकल्प नहीं बल्कि जिम्मेदारी है। वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा।
एक यूजर ने लिखा कि वह एवरेस्ट बेस कैंप जा चुका है और यह वीडियो देखकर उसका दिल टूट गया। दूसरे ने मांग की कि पर्वतारोहण की फीस में सफाई को अनिवार्य किया जाए। कई लोगों ने कहा कि जो लोग अपना कचरा वापस नहीं ला सकते, उन्हें एवरेस्ट पर चढ़ने की इजाजत ही नहीं मिलनी चाहिए।