Spain Tomato Festival : स्पेन के मशहूर ला टोमाटीना (La Tomatina) फेस्टिवल को लेकर भारतीयों के बीच खासा उत्साह रहता है। बॉलीवुड फिल्म जिंदगी ना मिलेगी दोबारा (ZNMD) में इस फेस्टिवल को जिस रंगीन और मस्तीभरे अंदाज में दिखाया गया था, उसने इसे कई लोगों की बकेट लिस्ट का हिस्सा बना दिया।
लेकिन अब स्पेन घूमकर लौटी एक भारतीय ट्रैवलर ने इस फेस्टिवल की असल तस्वीर सामने रखी है। इंस्टाग्राम पर शेयर किए गए उनके वीडियो में उन्होंने कहा कि वास्तविक अनुभव फिल्म में दिखाए गए रोमांच से काफी अलग और कहीं ज्यादा चुनौतीपूर्ण था। उनका यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
वीडियो में सोलो ट्रैवल कंटेंट क्रिएटर अनाली गुप्ता ने बताया कि फेस्टिवल के दौरान इस्तेमाल किए जाने वाले टमाटर अक्सर सड़े हुए होते हैं, जिनसे तेज बदबू आती है। उन्होंने कहा कि वहां मौजूद भीड़ इतनी ज्यादा होती है कि आराम से चलना भी मुश्किल हो जाता है। अगर कोई अपना मोबाइल निकालकर वीडियो बनाने की कोशिश करता है, तो लोग उसे निशाना बनाकर टमाटर फेंकने लगते हैं।
अनाली ने यह भी बताया कि फेस्टिवल में कई भारतीय पर्यटक मिले, जो फिल्म जैसा अनुभव लेने पहुंचे थे, लेकिन वास्तविक माहौल देखकर हैरान रह गए। उनके मुताबिक, टमाटर काफी जोर से फेंके जाते हैं, जिससे चोट भी लग सकती है और यह अनुभव शारीरिक रूप से काफी थका देने वाला होता है।
ये खबर भी पढ़ें : 52 साल बाद घर में गूंजी बेटी की किलकारी, नवजात को देखते ही खुशी से झूम उठा परिवार; VIDEO हुआ वायरल
अनाली ने लोगों को फेस्टिवल में जाने से मना नहीं किया, बल्कि सलाह दी कि वे वास्तविक उम्मीदों के साथ वहां जाएं। उन्होंने कहा कि खासकर महिलाओं के लिए यह अनुभव थोड़ा डराने वाला हो सकता है, क्योंकि भीड़ में धक्का-मुक्की और अफरा-तफरी काफी रहती है। सोशल मीडिया पर उनके वीडियो पर लोगों ने अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दी हैं।
कुछ यूजर्स ने कहा कि सही जगह रहने पर उनका अनुभव फिल्म जैसा ही था, जबकि कई लोगों ने सलाह दी कि फेस्टिवल में जाने से पहले बड़े गॉगल्स, वाटरप्रूफ मोबाइल कवर और पुराने कपड़े जरूर साथ रखें। कई यूजर्स ने यह भी बताया कि स्पेन के टमाटर आकार में बड़े और काफी सख्त होते हैं, इसलिए उनके लगने पर दर्द भी हो सकता है।