Bus Stop School : देश के हाईटेक शहरों में शामिल गुरुग्राम आधुनिक इमारतों और तेज रफ्तार जिंदगी के लिए जाना जाता है, लेकिन इसी शहर का एक ऐसा वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जो शिक्षा के प्रति समर्पण की मिसाल बन गया है। वायरल वीडियो में रात के समय एक बस स्टॉप बच्चों की क्लासरूम में बदल जाता है।
सड़क पर तेज ट्रैफिक और शोर के बीच कई बच्चे पूरी लगन से पढ़ाई करते नजर आते हैं। बताया जा रहा है कि ये वे बच्चे हैं, जिन्हें नियमित स्कूल जाने का अवसर नहीं मिल पाता या आर्थिक कारणों से पढ़ाई जारी रखना मुश्किल होता है।
यह वीडियो सोशल मीडिया पर आशुतोष राठी नाम के यूजर ने शेयर किया है। उन्होंने वीडियो के साथ लिखा, "ये गुरुग्राम का बस स्टॉप नहीं, बल्कि सपनों का क्लासरूम है।" वीडियो में देखा जा सकता है कि शिक्षक सीमित संसाधनों के बावजूद बच्चों को पढ़ा रहे हैं।
आसपास वाहनों की आवाजाही और अंधेरा होने के बावजूद बच्चे पूरी एकाग्रता के साथ पढ़ाई में जुटे दिखाई देते हैं। हालांकि, वीडियो में दिखाई गई क्लास की आधिकारिक जानकारी या इससे जुड़े लोगों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
ये खबर भी पढ़ें :
वीडियो ने सोशल मीडिया पर हजारों लोगों का दिल जीत लिया है। यूजर्स शिक्षक की लगन और बच्चों की सीखने की इच्छा की जमकर तारीफ कर रहे हैं। एक यूजर ने लिखा, "ऐसा काम करने के लिए हिम्मत और समर्पण दोनों चाहिए।"
वहीं दूसरे ने बताया कि उन्होंने भी इस बस स्टॉप पर ऐसी क्लास लगते हुए देखी है। कई लोगों ने कहा कि शिक्षा हर बच्चे का अधिकार है और ऐसे प्रयास समाज के लिए प्रेरणा हैं। यह वायरल वीडियो एक बार फिर याद दिलाता है कि सीखने की इच्छा और सिखाने का जज्बा हो तो किसी भी जगह को क्लासरूम बनाया जा सकता है।