Gurugram Cobra Rescue : गुरुग्राम के गढ़ौली कलां गांव में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक घर के टॉयलेट में करीब 6 फीट लंबा जहरीला कोबरा छिपा मिला। घर के लोगों को टॉयलेट सीट के अंदर से लगातार फुफकारने की आवाज सुनाई दे रही थी, लेकिन काफी कोशिश के बाद भी सांप नजर नहीं आया।
इसके बाद मामले की जानकारी वन्यजीव संरक्षणकर्ता अनिल गंडास को दी गई। वह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और सावधानी से टॉयलेट सीट को जांचना शुरू किया। जैसे ही सीट को हल्के से थपथपाया गया, अंदर से फुफकारने की आवाज और तेज हो गई। इसके बाद लोगों को अंदाजा हुआ कि सांप सीट के नीचे कहीं छिपा हुआ है।
रेस्क्यू टीम ने सावधानी से टॉयलेट सीट को तोड़ा तो उसके नीचे बनी बेहद संकरी जगह में एक चश्माधारी कोबरा छिपा हुआ दिखाई दिया। यह सांप बेहद जहरीला माना जाता है। काफी देर तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद टीम ने सांप को सुरक्षित तरीके से बाहर निकाल लिया। इस पूरी घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें सांप को टॉयलेट सीट के नीचे से निकालते हुए देखा जा सकता है।
अचानक घर के टॉयलेट में इतना बड़ा सांप मिलने से परिवार के लोग घबरा गए थे। वन्यजीव संरक्षणकर्ता के मुताबिक, गुरुग्राम में लगातार बढ़ते शहरीकरण और निर्माण कार्यों के कारण सांपों का प्राकृतिक आवास और भोजन कम हो रहा है। ऐसे में वे चूहों और दूसरे भोजन की तलाश में रिहायशी इलाकों और घरों में पहुंच रहे हैं।
अनिल गंडास ने बताया कि अकेले अगस्त महीने में गुरुग्राम में करीब 70 सांपों का रेस्क्यू किया गया, जबकि पिछले तीन महीनों में रेस्क्यू किए गए सांपों की संख्या 200 से अधिक हो चुकी है। मानसून के दौरान लोगों को घर में सांपों को लेकर विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
उन्होंने रात में फर्श पर सोने से बचने, मच्छरदानी का इस्तेमाल करने और खाने-पीने की चीजों को ढककर रखने की सलाह दी, ताकि घर में चूहे न आएं। अगर किसी व्यक्ति को सांप काट ले तो घरेलू नुस्खों पर भरोसा करने के बजाय तुरंत अस्पताल पहुंचकर एंटी-वेनम उपचार लेने की सलाह दी गई है।