Wedding Drama Viral Video Instagram: सोशल मीडिया की दुनिया में आए दिन शादी-ब्याह से जुड़े कई हैरान करने वाले वीडियो वायरल होते रहते हैं। इनमें से कुछ वीडियो इतने चौंकाने वाले होते हैं कि इंटरनेट पर आते ही तहलका मचा देते हैं। ऐसा ही एक सनसनीखेज वीडियो इन दिनों तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें बारात आने और पांडाल सजने के बाद दुल्हन का बॉयफ्रेंड सीधे दूल्हे के सामने पहुंच जाता है। इसके बाद वह दूल्हे को दुल्हन के साथ अपनी कुछ पुरानी तस्वीरें दिखाता है, जिसे देखकर दूल्हे के पैरों तले जमीन खिसक जाती है।
वायरल हो रहे इस वीडियो में देखा जा सकता है कि शादी का माहौल है और दूल्हा शेरवानी पहनकर अपनी सजी हुई कार से नीचे उतरता है। वह पूरी तैयारी और शान के साथ अपनी दुल्हन को अपने साथ ले जाने के लिए तैयार खड़ा होता है। तभी वहां अचानक दूल्हे का एक दोस्त आता है और कहता है कि वह उसे किसी खास शख्स से मिलवाना चाहता है। इसके बाद दूल्हे के सामने एक और लड़का आता है और दावा करता है कि वह दुल्हन का काफी सालों पुराना दोस्त है। शुरू में दूल्हे को लगता है कि यह कोई आम दोस्त होगा जो शादी में शामिल होने आया है।
जब दूल्हा इस बात को बहुत सामान्य तरीके से लेता है, तब दूल्हे का दोस्त उसे टोकता है। दोस्त समझाते हुए कहता है, 'ये वो वाला दोस्त नहीं है, तू दोस्ती का मतलब समझा नहीं'। इसके बाद दुल्हन का बॉयफ्रेंड बिना कोई देर किए अपने मोबाइल में दूल्हे को अपने और दुल्हन के कुछ पुराने फोटो दिखा देता है। तस्वीरें देखते ही दूल्हा बुरी तरह घबरा जाता है और उसका दिमाग घूम जाता है।
तस्वीरें देखने के बाद दूल्हा जिस तरह से रिएक्ट करता है, उसे देखकर लोग हैरान भी हैं और उन्हें हंसी भी आ रही है। दूल्हा बेहद घबराकर और बेबस होकर बॉयफ्रेंड से कहता है, 'भाई तू पहले नहीं आ सकता था क्या? मेरे पिता का पैसा लग गया है और वो मुझे छोड़ेंगे नहीं'। इसके तुरंत बाद दूल्हा सीधे शादी के मंडप में दुल्हन के पास पहुंच जाता है और अपने रिश्ते को लेकर उससे बात करने लगता है, जो वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है।
इस पूरे घटनाक्रम के वीडियो को delhi24hours नाम के इंस्टाग्राम अकाउंट से शेयर किया गया है, जिसे अब तक लाखों लोग देख चुके हैं और कई लोगों ने इसे लाइक भी किया है। सोशल मीडिया यूजर्स इस पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। एक यूजर ने कमेंट करते हुए लिखा, 'अच्छा हुआ भाई की जिंदगी बच गई'। वहीं दूसरे यूजर ने लिखा, 'ऐसी दुल्हन से तो किसी को शादी ही नहीं करनी चाहिए'।
हालांकि, कई यूजर्स का मानना है कि यह वीडियो असली नहीं बल्कि पूरी तरह से स्टेज्ड है। एक अन्य यूजर ने इसकी असलियत बताते हुए कमेंट किया, 'अच्छी स्क्रिप्ट है, एक्टिंग भी सभी ने अच्छी की है'।