Active Aging Inspiration : आज जब फिट रहने के लिए लोग महंगे जिम, सप्लीमेंट्स और डाइट प्लान पर हजारों-लाखों रुपये खर्च करते हैं, ऐसे समय में 94 वर्षीय डॉ. विश्वनाथन अपनी सादगी भरी जीवनशैली से सबको प्रेरित कर रहे हैं। उनकी 28 वर्षीय पोती सिंधु ने इंस्टाग्राम पर एक भावुक पोस्ट साझा की, जिसमें बताया कि उनके दादा आज भी पूरी तरह एक्टिव हैं।
वह खुद चल-फिर लेते हैं, अपना खाना बनाते हैं और नई चीजें सीखने के लिए हमेशा उत्साहित रहते हैं। सिंधु ने लिखा कि वेलनेस इंडस्ट्री भले ही ट्रिलियन डॉलर की हो, लेकिन उनके ‘थाथा’ की सेहत का राज रोजमर्रा की सरल आदतें और अनुशासन है।
पोस्ट में सिंधु ने यह भी बताया कि उनके दादा किसी महंगे जिम या सप्लीमेंट पर निर्भर नहीं हैं। वह दिनभर सक्रिय रहते हैं और मानसिक रूप से स्वस्थ रहने के लिए लैपटॉप चलाना जैसी नई चीजें सीख रहे हैं।
उन्होंने दक्षिण एशियाई और हिंदू परंपराओं का जिक्र करते हुए कहा कि योग, ध्यान और संतुलित जीवनशैली हमारे समाज में पहले से मौजूद हैं, जिन्हें अब सोशल मीडिया पर ट्रेंड के रूप में देखा जा रहा है। विशेषज्ञ भी मानते हैं कि लंबी उम्र का असली आधार नियमित आदतें, मानसिक संतुलन और सकारात्मक सोच होती है।
ये खबर भी पढ़ें : चिली में भीषण सड़क हादसा, देखते ही देखते सफेद धुएं में समा गईं करीब 50 गाड़ियां, 4 की मौत: देखें VIDEO
यह पोस्ट वायरल होते ही लोगों ने कमेंट सेक्शन में दादा की जमकर तारीफ की। किसी ने उन्हें लंबी और स्वस्थ जिंदगी की शुभकामनाएं दीं, तो किसी ने परिवार के समर्थन और अनुशासन को उनकी फिटनेस का असली कारण बताया।
कई यूजर्स ने लिखा कि ऐसे बुजुर्गों को देखना सच में सौभाग्य की बात है। डॉ. विश्वनाथन की कहानी यह साबित करती है कि अच्छी सेहत के लिए दिखावे से ज्यादा जरूरी है सादगी, नियमितता और सकारात्मक जीवन दृष्टिकोण।