Shipra River and Neem Karoli Baba Connection: उत्तराखंड के पहाड़ों पर लगातार हो रही बारिश के कारण नैनीताल जिले में भवाली के पास स्थित शिप्रा नदी उफान पर है। कैंची धाम के पास उत्तर वाहिनी शिप्रा नदी अपने प्रचंड और रौद्र रूप में बह रही है, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर काफी देखा जा रहा है। दक्षिण से उत्तर दिशा की ओर बहने के कारण उत्तर वाहिनी कहलाने वाली यह नदी भवाली के गागर जंगलों से निकलकर खैरना में कोसी नदी में मिलती है। कैंची धाम और बाबा नीम करौली से भी इस नदी का गहरा आध्यात्मिक संबंध जुड़ा हुआ है। मान्यताओं के अनुसार, एक बार धाम के भंडारे में घी खत्म होने पर बाबा नीम करौली के कहने पर नदी के पानी का इस्तेमाल घी की जगह किया गया था, जो बाद में तीन कनस्तर घी वापस नदी में डालकर चुकाया गया था। कभी सूखने के कगार पर पहुंच चुकी इस नदी को पुनर्जीवित करने के लिए स्थानीय कल्याण समितियों के साथ सिंचाई और वन विभाग लगातार जल संरक्षण और सफाई अभियान में जुटे हुए हैं। फिलहाल बारिश की वजह से नदी का जलस्तर काफी बढ़ गया है, लेकिन कैंची धाम क्षेत्र में किसी तरह के नुकसान की खबर नहीं है।