Uttarakhand Banbasa Cabinet Meeting: रविवार को उत्तराखंड सरकार की कैबिनेट बैठक होने की खबर सामने आई है। उत्तराखंड सरकार की कैबिनेट बैठक आज सुबह 11 बजे बनबसा में NHPC परिसर में होगी। यह बैठक चंपावत जिले के बनबसा होगी।
पुष्कर सिंह धामी की बनबासा में यह पहली कैबिनेट बैठक होगी। इसमें कई अहम पॉलिसी और जन-कल्याणकारी प्रस्तावों पर विचार किए जाने की उम्मीद है। इस बैठक में UPCL कर्मचारियों से जुड़े मुद्दों पर खास चर्चा होनी की संभावना है। साथ ही गैरसैंण विधानसभा सत्र से जुड़े मुद्दे शामिल हैं। शिक्षा, स्वास्थ्य, ऊर्जा और पर्यटन जैसे विभागों के प्रस्तावों पर भी चर्चा होने की संभावना है।
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इससे पहले 3 अक्टूबर को कुआंवाला में भाजपा के संयुक्त मोर्चा एवं प्रकोष्ठ की बैठक में हिस्सा लिया था। इस दौरान उन्होंने कहा था कि पार्टी के नए संगठनात्मक नेताओं के अनुभव से कार्यकर्ताओं को नई ऊर्जा मिलेगी और प्रदेश में संगठन को और मजबूत करने में मदद मिलेगी।
सीएम पुष्कर सिंह धामी ने भाजपा प्रभारी राम माधव का जिक्र करते हुए कहा था कि हमारे प्रभारी राम माधव के पास बहुत अधिक अनुभव है। उन्होंने कई राज्यों में काम किया है। उनके पास राजनीतिक और सामाजिक कार्यों का अच्छा अनुभव है। इससे राज्य में संगठन को बढ़ाने में मदद मिलेगी और कार्यकर्ताओं को नई ऊर्जा मिलेगी।
उन्होंने अरविंद मेनन को युवा और ऊर्जावान बताया और कहा कि इन सभी के आने से संगठन में ऊर्जा आई है और संगठन को बढ़ाने में हमें इनसे काफी मदद मिलने वाली है।
एसआईआर को लेकर मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि यह चुनाव आयोग की प्रक्रिया है और ऐसा पहली बार नहीं हो रहा है। उन्होंने कहा कि एसआईआर की प्रक्रिया पहले भी होती रही है। नियम कानून से देश चलेगा और किसी के जोर-जबरदस्ती से देश नहीं चलने वाला है।
उन्होंने विपक्ष पर संवैधानिक संस्थाओं को लेकर सवाल खड़े करने का आरोप लगाया। सीएम धामी ने कहा कि संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाना, ईवीएम को दोषी ठहराना और न्यायालयों पर सवाल उठाना विपक्ष की आदत हो गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि देश के बाहर जाकर देश को गलत बताना, अजीत डोभाल पर टिप्पणी करना और बिपिन रावत के बारे में अशोभनीय बातें करना ही इनका काम रह गया है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि उसके पैरों के नीचे से जमीन खिसक गई है, इसलिए वह हर मुद्दे पर सवाल उठा रही है। उन्होंने कहा, "ये सिर्फ विरोध करने के लिए विरोध कर रहे हैं। इसमें कोई वास्तविकता नहीं है और धरातल पर इसमें कोई सच्चाई नहीं है।"धामी ने कहा कि चुनाव आयोग के तीनों आयुक्तों की ओर से स्पष्टीकरण जारी किया जा चुका है और उनके बीच किसी तरह का कोई भ्रम नहीं है। - एजेंसी इनपुट के साथ