Vinod Tawde UP Tour BJP: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय महासचिव और उत्तर प्रदेश के चुनाव प्रभारी विनोद तावड़े ने गुरुवार को अवध और पूर्वांचल के कई जिलों के सप्ताहभर के दौरे की शुरुआत की। उनका यह दौरा 2027 के विधानसभा चुनावों की तैयारियों को गति देने के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। 18 अगस्त को उत्तर प्रदेश का चुनाव प्रभारी बनाए जाने के बाद तावड़े का यह राज्य का तीसरा दौरा है।
पार्टी के एक नेता के मुताबिक, इस दौरे के दौरान विधायकों के प्रदर्शन को लेकर फीडबैक लिया जाएगा और संभावित पार्टी उम्मीदवारों को लेकर भी जानकारी जुटाई जाएगी। तावड़े ने इससे पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “यूपी की रफ्तार रहेगी बरकरार; तीसरी बार बनेगी एनडीए सरकार।”
तावड़े ने बताया कि गुरुवार और शुक्रवार को गोरखपुर में उनकी बैठकें बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं के साथ होंगी। इस दौरान 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा द्वारा हारे गए बूथों की भी समीक्षा की जाएगी। बुधवार को राजधानी लखनऊ में हुई समन्वय बैठक के एक दिन बाद तावड़े ने जिलास्तरीय जमीनी तैयारियों की शुरुआत की है।
पार्टी सूत्रों के मुताबिक, तावड़े का फोकस पूरे अवध और पूर्वांचल क्षेत्र पर रहेगा। इस दौरान वह क्षेत्र से लेकर जिला स्तर तक के पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगे।
भाजपा नेता के अनुसार, इन बैठकों में पार्टी की चुनावी तैयारियों की समीक्षा की जाएगी और कार्यकर्ताओं से मिले फीडबैक के आधार पर आगे की रणनीति तैयार की जाएगी। तावड़े 19 सितंबर को अवध क्षेत्र पहुंचेंगे। यहां 19 और 20 सितंबर को पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ उनकी बैठकें प्रस्तावित हैं।
इसके बाद 21 और 22 सितंबर को प्रयागराज में काशी क्षेत्र की चुनावी रणनीति तैयार करने के लिए बैठकें करेंगे।
इससे पहले तावड़े ने समाजवादी पार्टी (सपा) के प्रमुख अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए विपक्षी दल के ‘पीडीए’ नारे की आलोचना की थी। उन्होंने ‘पीडीए’ का अर्थ ‘पराया धन अपना’ बताते हुए कहा था कि एनडीए ऐसा नहीं होने देगा। तावड़े ने कहा था, “हम सपा-पीडीए के नारों को हराएंगे। पीडीए और एसपी का मतलब ‘पराया धन अपना’ है। एनडीए ऐसा कभी नहीं होने देगा।”
उन्होंने दावा किया था कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बनी है, जबकि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उत्तर प्रदेश में विकास की गति को तेज कर रहे हैं। उन्होंने कहा था कि पार्टी के उत्तर प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के मार्गदर्शन में राज्य में एनडीए कार्यकर्ता आगामी विधानसभा चुनाव पूरे उत्साह के साथ लड़ेंगे। एजेंसी इनपुट के साथ...