महिला ने स्टेशन परिसर में ही दिया एक स्वस्थ बेटे को जन्म
चिकित्सकीय टीम ने पूरी की प्रसव के बाद की जरूरी प्रक्रिया
रेलवे स्टेशन पर दिखा मानवीय और संवेदनशीलता का अनूठा संगम
Woman Birth Baby Platform: वीरांगना लक्ष्मीबाई झाँसी रेलवे स्टेशन पर रविवार रात एक ऐसा मानवीय दृश्य देखने को मिला, जब यात्रा के दौरान अचानक प्रसव पीड़ा से परेशान महिला यात्री की मदद के लिए रेलवे सुरक्षा बल की टीम तुरंत आगे आई। RPF की तत्परता और रेलवे चिकित्सक की मदद से महिला ने स्टेशन परिसर में ही एक स्वस्थ पुत्र को जन्म दिया। प्रसव के बाद मां और नवजात को सुरक्षित एंबुलेंस से मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया।
जानकारी के अनुसार, 9 नवंबर की रात करीब 8:46 बजे रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट को सूचना मिली कि प्लेटफॉर्म नंबर 2/3 पर RPF और GRP ब्रिज के पास एक महिला यात्री को अचानक प्रसव पीड़ा हो रही है। सूचना मिलते ही ASI मनोज एस. तोमर महिला आरक्षक उमा सिकरवार के साथ मौके पर पहुंचे और महिला को तत्काल आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई। इस दौरान मौके पर मौजूद GRP कर्मी अखिलेश सचान ने भी सहयोग किया।
रेलवे स्टेशन पर हुई इस घटना की स्थिति की गंभीरता को देखते हुए रेलवे चिकित्सक डॉ. शुभानी से संपर्क कर आवश्यक चिकित्सकीय सहायता सुनिश्चित की गई। RPF कर्मियों और मेडिकल टीम के समन्वय से महिला ने स्टेशन परिसर में ही एक स्वस्थ बेटे को जन्म दिया। बाद में डिप्टी एसएस एम.आर. राय और मेडिकल स्टाफ भी मौके पर पहुंचा। चिकित्सकीय टीम ने नवजात और मां की देखभाल करते हुए प्रसव के बाद की जरूरी प्रक्रिया पूरी की।
महिला की पहचान 25 वर्षीय निशा वंशकार, पत्नी रवि वंशकार, निवासी ग्राम सलैया, थाना अमोला, जिला शिवपुरी के रूप में हुई है। प्रसव के बाद निशा और उसके नवजात शिशु को एंबुलेंस से पति रवि वंशकार और ननद रीना के साथ मेडिकल कॉलेज झाँसी भेजा गया।
RPF अधिकारियों के अनुसार, ऑपरेशन मातृशक्ति के तहत महिला यात्रियों को संकट के समय त्वरित सहायता और सुरक्षा उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाता है, झाँसी स्टेशन की यह घटना RPF कर्मियों की सतर्कता के साथ-साथ उनके मानवीय और संवेदनशील चेहरे की भी एक मिसाल बन गई।