VBYLD 2027 Varanasi: मेरा युवा भारत (MY Bharat), वाराणसी की माय भारत डिस्ट्रिक्ट एडवाइजरी कमेटी की बैठक शुक्रवार को सनबीम स्कूल, वरुणा, वाराणसी के विमर्श सभागार में आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता विनय कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी (प्रोटोकॉल), जनपद वाराणसी द्वारा की गई।
बैठक में विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग (VBYLD) 2027 के उद्देश्यों, विभिन्न चरणों एवं युवाओं के लिए उपलब्ध अवसरों के संबंध में विस्तृत जानकारी साझा की गई। इस दौरान युवाओं को राष्ट्र निर्माण से जोड़ने, उनकी प्रतिभा, रचनात्मकता, नेतृत्व क्षमता एवं नवाचार को प्रोत्साहित करने तथा उन्हें विकसित भारत @2047 के संकल्प से जोड़ने पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक में उप निदेशक, माय भारत वाराणसी, विकास सिंह द्वारा पावर प्वाइंट प्रजेंटेशन के माध्यम से विकसित भारत यंग लीडर्स 2027 के संबंध में विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया गया। प्रस्तुतीकरण में विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग के विभिन्न चरणों, विकसित भारत क्विज, आगामी चयन प्रक्रिया तथा युवाओं के लिए उपलब्ध विभिन्न ट्रैक्स के बारे में जानकारी दी गई।
इसके साथ ही महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के कार्यक्रम समन्वयक डा0 राहुल द्वारा पावर प्वाइंट प्रजेंटेशन के माध्यम माय भारत पोर्टल पर पंजीकरण की प्रक्रिया, रेफेरल कोड जनरेट करने की प्रक्रिया तथा युवाओं को माय भारत से जोड़ने की प्रक्रिया के संबंध में उपस्थित संस्थान प्रतिनिधियों को व्यावहारिक जानकारी प्रदान की गई।
बैठक में विशेष रूप से विकसित भारत क्विज 2027 में युवाओं की सहभागिता पर चर्चा की गई। 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवा इस क्विज़ में सहभागिता कर सकते हैं। क्विज़ की अवधि 17 अगस्त 2026 से 30 सितम्बर 2026 तक निर्धारित है। क्विज़ में 20 प्रश्न होंगे तथा प्रतिभागियों को इसे पूरा करने के लिए 10 मिनट का समय दिया जाएगा।
बैठक की अध्यक्षता कर रहे अपर जिलाधिकारी (प्रोटोकॉल) विनय कुमार सिंह ने उपस्थित संस्थान प्रमुखों एवं प्रतिनिधियों से कहा कि वे अपने-अपने संस्थानों के पात्र विद्यार्थियों एवं युवाओं तक VBYLD 2027 की जानकारी पहुंचाएं तथा अधिक से अधिक विद्यार्थियों को विकसित भारत क्विज में सहभागिता के लिए प्रोत्साहित करें, ताकि जनपद वाराणसी के अधिकाधिक युवा इस राष्ट्रीय पहल से जुड़ सकें।
बैठक में विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग 2027 के प्रमुख ट्रैक्स- विकसित भारत चैलेंज, कल्चरल ट्रैक, डिजाइन फॉर भारत, हैक फॉर सोशल कॉज, यूथ एंटरप्रेन्योर्स चैलेंज तथा यूथ पार्लियामेंट के संबंध में भी जानकारी साझा की गई।
बैठक में उपस्थित संस्थानों से विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग 2027 की जानकारी अधिक से अधिक पात्र युवाओं तक पहुंचाने तथा इच्छुक विद्यार्थियों एवं युवाओं को इस राष्ट्रीय पहल में सहभागिता के लिए प्रोत्साहित करने का आह्वान किया गया।
बैठक में सहायक जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला सेवायोजन अधिकारी, जिला युवा कल्याण अधिकारी, कमाण्डेन्ट एनसीसी, उप निदेशक भारतीय खेल प्राधिकरण सहित जनपद के विभिन्न शासकीय एवं गैर-शासकीय विद्यालयों, महाविद्यालयों, विश्वविद्यालयों तथा अन्य उच्च शिक्षण संस्थानों के प्राचार्य, प्रमुख एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे। मेरा युवा भारत, वाराणसी के उप निदेशक द्वारा उपस्थित सभी अधिकारियों, संस्थान प्रमुखों एवं प्रतिनिधियों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए जनपद के युवाओं से VBYLD 2027 में अधिकाधिक सहभागिता करने तथा विकसित भारत @2047 के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की गयी।