Varanasi Tragic Road Accident: विंध्याचल धाम में दर्शन करने के बाद लौट रहे दोस्तों के लिए हाईवे पर सेल्फी लेना महंगा पड़ गया। सोमवार सुबह प्रयागराज-वाराणसी हाईवे पर स्कॉर्पियो खड़ी कर सेल्फी ले रहे लोगों को एक तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मारी। इस भीषण हादसे में चार लोगों की मौत हो गई जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
यह दर्दनाक हादसा वाराणसी के मिर्जामुराद थाना क्षेत्र में रूपापुर गांव के पास नेशनल हाईवे-19 पर हुआ। जानकारी के अनुसार, स्कॉर्पियो में सवार सात लोग सुबह करीब छह बजे ओवरब्रिज के रेलिंग के पास सेल्फी ले रहे थे। इसी दौरान पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि दो लोग ओवरब्रिज से करीब 30 फीट नीचे जा गिरे। हादसे में स्कॉर्पियो का पिछला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। अचानक हुई इस घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया और घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया। तीनों घायलों का इलाज जारी है और उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
मृतकों में अमन यादव, गोलू और आलोक मिश्रा के नाम सामने आए हैं, जबकि चौथे मृतक की पहचान नहीं हो सकी। पुलिस ने मृतकों के शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिए हैं। घायलों में कन्हैया यादव और निखिल कुमार की पहचान हुई है। तीसरे की पहचान की जा रही है।
दुर्घटना के बाद ट्रक चालक घटनास्थल पर वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि चालक की पहचान कर उसे पकड़ा जा सके।
घटनास्थल पर मिली स्कॉर्पियो में प्रसाद के डिब्बे, नारियल और चुनरी भी बरामद हुई है। इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि सभी लोग विंध्याचल धाम में दर्शन करने के बाद लौट रहे थे।
इस भीषण सड़क हादसे पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी शोक व्यक्त किया। उन्होंने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायल लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है। सीएम योगी ने अधिकारियों को तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाने के निर्देश भी दिए हैं।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर हादसे के कारण का पता लगाने में जुटी है।