हाथरस की चर्चित यूट्यूबर छवि वार्ष्णेय की सड़क हादसे में मौत, मां ने भी तोड़ा दम; महाकाल जा रहा था परिवार

Hathras News: हाथरस की मशहूर यूट्यूबर छवि वार्ष्णेय और उनकी मां की भीषण सड़क हादसे में मौत हो गई। उज्जैन के महाकाल दर्शन के लिए जाते समय यह हादसा हुआ।
Hathras YouTuber Chhavi Varshney Accident
हाथरस की मशहूर यूट्यूबर छवि वार्ष्णेय और उनकी मां की सड़क हादसे में मौतसोर्स- सोशल मीडिया
Published on
Updated on

Hathras YouTuber Chhavi Varshney Accident: हाथरस की चर्चित यूट्यूबर और सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर छवि वार्ष्णेय (23) की मध्य प्रदेश में हुए भीषण सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसे में उनकी मां सारिका (50) ने भी मौके पर दम तोड़ दिया। दोनों मां-बेटी परिवार के साथ उज्जैन स्थित महाकाल मंदिर में दर्शन के लिए कार से निकली थीं। दुर्घटना में छवि के पिता श्यामलाल (54), समधी सूरजपाल और कार चालक सचिन गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल आगर रेफर किया गया है।

ट्रक से टक्कर में हुई दर्दनाक मौत

जानकारी के अनुसार हाथरस जंक्शन क्षेत्र के महौखास गांव निवासी छवि वार्ष्णेय अपने परिवार के साथ सोमवार देर रात उज्जैन के लिए रवाना हुई थीं। कार में कुल पांच लोग सवार थे। मंगलवार सुबह उज्जैन-गरोठ फोरलेन पर रामाखेड़ी गांव के पास उनकी कार आगे चल रहे एक ट्रक में जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे में छवि और उनकी मां सारिका की मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस और एनएचएआई की टीम मौके पर पहुंची। एनएचएआई की एंबुलेंस से मृत मां-बेटी के शव शासकीय अस्पताल बड़ौद पहुंचाए गए, जहां पोस्टमार्टम की कार्रवाई की गई। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टर विजेंद्र चूड़िहार ने घायलों को प्राथमिक उपचार दिया। हालत गंभीर होने के कारण उन्हें जिला अस्पताल आगर रेफर कर दिया गया। बड़ौद पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

पढ़ाई में अव्वल, यूट्यूब से बनाई पहचान

छवि के चेचेरे भाई सचिन वार्ष्णेय के अनुसार छवि बचपन से ही प्रतिभाशाली थीं। उन्होंने ग्रेजुएशन तक पढ़ाई की और पढ़ाई में हमेशा बेहतर प्रदर्शन किया। उनमें कुछ अलग करने और आगे बढ़ने का जुनून था। वर्ष 2021 में उन्होंने यूट्यूब पर अपना चैनल शुरू किया। शुरुआत में वह अपनी दैनिक जिंदगी से जुड़े व्लॉग और वीडियो बनाती थीं। धीरे-धीरे उनके वीडियो दर्शकों को पसंद आने लगे और उनकी लोकप्रियता बढ़ती चली गई।

बाद में छवि ने ऑनलाइन गेमिंग से जुड़े वीडियो भी बनाना शुरू किया। उनके कंटेंट को दर्शकों का अच्छा समर्थन मिला और देखते ही देखते वह सोशल मीडिया की चर्चित हस्ती बन गईं।

यूट्यूब पर सात लाख से अधिक सब्सक्राइबर

छवि के यूट्यूब चैनल पर सात लाख से अधिक सब्सक्राइबर बताए जा रहे हैं, जबकि इंस्टाग्राम पर भी उनके एक लाख से अधिक फॉलोअर्स थे। सोशल मीडिया पर उनकी बढ़ती लोकप्रियता के कारण वह हाथरस क्षेत्र में एक चर्चित सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर के रूप में पहचान बना चुकी थीं।

परिवार भी उनके सोशल मीडिया करियर में पूरा सहयोग करता था। उनके पिता श्यामलाल गांव में किराने की दुकान चलाते हैं। परिवार में मां-पिता के अलावा उनका बड़ा भाई कान्हा (26) भी है।

Hathras YouTuber Chhavi Varshney Accident
मथुरा में अवैध प्लाटिंग पर प्रशासन का हंटर, 3 अवैध कॉलोनियों पर गरजा बुलडोजर; सड़कें और बाउंड्रीवाल ध्वस्त

महाकाल दर्शन के लिए निकला था परिवार

महाकाल दर्शन के लिए निकले परिवार पर रास्ते में हुए इस दर्दनाक हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया। हादसे की खबर हाथरस पहुंचते ही गांव और छवि के परिचितों में शोक की लहर दौड़ गई। सोशल मीडिया पर उनके प्रशंसक भी उनकी असमय मौत पर गहरा दुख जता रहे हैं।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com