वाराणसी के मशहूर डोसा शॉप पर दो लड़कियों ने जमकर काटा हंगामा
दुकान को किया तहस नहस, समान उठा उठा कर फेंका
शॉप के मालिक ने पुलिस में दर्ज कराया मुकदमा
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू, वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
Varanasi Dosa Shop 2 Girls Spark Uproar: सोशल मीडिया पर दो युवतियों का तोड़फोड़ का वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो में दो युवतियां एक दुकान को तहस नहस करती दिख रही हैं। मामला वाराणसी के महमूरगंज स्थित लीला राम डोसा की दुकान का है जहां दो युवतियों ने जबरन घुसकर सामान तोड़ा, गाली गलौज की, कर्मचारियों और ग्राहकों के साथ मारपीट की साथ ही उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी।
दुकान संचालक की शिकायत पर भेलूपुर थाने में दोनों युवतियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस वायरल वीडियो और दुकान में लगे सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
शिकायत के मुताबिक, 14 नवंबर की रात करीब आठ बजे स्कूटी सवार दो युवतियां दुकान पर पहुंचीं। उस समय दुकान पर वीडियो बनाया जा रहा था। इसी दौरान दोनों युवतियों ने अचानक हंगामा शुरू कर दिया।
आरोप है कि उन्होंने दुकान के अंदर घुसकर कर्मचारियों के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट की। इतना ही नहीं, दुकान में रखे सामान को तोड़ने और इधर-उधर फेंकने का भी आरोप लगाया गया है। दुकान संचालक की ओर से दी गई तहरीर में आरोप लगाया गया है कि विरोध करने पर युवतियों ने गाली-गलौज करते हुए कर्मचारियों के साथ मारपीट की।
दुकान में मौजूद ग्राहकों के साथ भी अभद्र व्यवहार किया गया। आरोप है कि दोनों ने दुकान के काउंटर और गल्ले में हाथ डालने का प्रयास किया। शिकायतकर्ता ने दुकान संचालक और उनके परिवार को जान से मारने की धमकी दिए जाने का भी आरोप लगाया है।
बताया गया कि पूरी घटना प्रतिष्ठान में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। इसके अलावा मोबाइल कैमरे से भी घटना रिकॉर्ड किए जाने की बात सामने आई है। पुलिस को दी गई शिकायत में दोनों युवतियों की पहचान उनके पिता के नाम के आधार पर बताई गई है।
वाराणसी जनपद में घटी इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में है। फिलहाल भेलूपुर पुलिस बीएनएस की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर पूरे प्रकरण की जांच में जुटी है। पुलिस का कहना है कि उपलब्ध साक्ष्यों और वीडियो फुटेज की जांच के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।