76 वर्षीय रामकरण गोंड रास्ता भटककर पहुंचे थे वाराणसी
आधार कार्ड से CPlan ऐप के जरिए परिजनों से किया संपर्क
लहरतारा पुलिस की सराहनीय पहल
CPlan App Proves Helpful: पुलिस का काम केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखना ही नहीं, बल्कि जरूरतमंदों की मदद कर मानवता की मिसाल पेश करना भी है। ऐसा ही सराहनीय कार्य लहरतारा चौकी पुलिस ने किया। पुलिस ने रास्ता भटककर वाराणसी पहुंचे 76 वर्षीय पूर्व सैनिक को CPlan ऐप की मदद से उनके परिजनों से मिलाकर सुरक्षित घर भेज दिया।
जानकारी के अनुसार, रामकरण गोंड पुत्र स्वर्गीय सुमेर गोंड, निवासी ग्राम कटरिया, थाना करंडा, जनपद गाजीपुर, भारतीय सेना से सेवानिवृत्त हैं। स्वास्थ्य और मानसिक स्थिति ठीक नहीं होने के कारण वह अपने गांव से भटककर वाराणसी पहुंच गए थे। वह काफी समय से इधर-उधर घूम रहे थे और अपनी पहचान व घर का पता ठीक से नहीं बता पा रहे थे।
इसी दौरान लहरतारा चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक प्रवीण कुमार सचान, उपनिरीक्षक विवेक, हेड कांस्टेबल मिथलेश शाह और फैंटम पुलिस टीम बौलिया तिराहे पर ऑटो-टोटो चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी बीच पुलिसकर्मियों की नजर परेशान हालत में घूम रहे बुजुर्ग पर पड़ी। चौकी प्रभारी ने उनसे बातचीत कर जानकारी लेने का प्रयास किया, लेकिन वह कुछ स्पष्ट नहीं बता सके।
इसके बाद पुलिस ने उनके बैग की तलाशी ली, जिसमें आधार कार्ड मिला। आधार कार्ड में दर्ज विवरण के आधार पर CPlan ऐप के माध्यम से उनके परिजनों से संपर्क साधा गया। पुलिस ने बुजुर्ग को चौकी लाकर नाश्ता कराया और उनकी देखभाल की। सूचना मिलने पर कुछ घंटे बाद उनके दामाद अनिल कुमार पुत्र प्रेम नारायण, निवासी सोनौली, जनपद चंदौली, चौकी पहुंचे। आवश्यक पुष्टि के बाद पुलिस ने रामकरण गोंड को सकुशल उनके दामाद के सुपुर्द कर दिया।
वहीं, इसी चेकिंग अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले तीन ऑटो को सीज भी किया गया। लहरतारा पुलिस की इस पहल की सराहना हो रही है।