UP Diwas 2026: देश के सबसे बड़े राज्य उत्तर प्रदेश ने आज अपने स्थापना के 76 साल पूरे कर लिए हैं। 24 जनवरी 1950 को अस्तित्व में आए उत्तर प्रदेश का स्थापना दिवस पूरे प्रदेश में उत्साह और भव्य आयोजनों के साथ मनाया जा रहा है। इस अवसर पर राजधानी लखनऊ समेत सभी जिलों में सांस्कृतिक, विकास से जुड़े और जनभागीदारी वाले कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। ‘विकसित भारत–विकसित उत्तर प्रदेश’ थीम पर आधारित तीन दिवसीय उत्तर प्रदेश दिवस 2026 समारोह का शुभारंभ शनिवार को लखनऊ के नवनिर्मित राष्ट्रीय प्रेरणा स्थल में होगा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह होंगे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि उत्तर प्रदेश दिवस केवल एक सरकारी आयोजन न रहकर जन-उत्सव का रूप ले, जिसमें प्रदेश के हर नागरिक की सहभागिता हो। इस दौरान राज्य की सांस्कृतिक विविधता, समृद्ध विरासत और विकास की यात्रा को देश-दुनिया के सामने प्रस्तुत किया जाएगा।
इस बार यूपी दिवस का सबसे बड़ा आकर्षण One District–One Cuisine (ODOC) योजना होगी। प्रदेश के प्रत्येक जिले से एक पारंपरिक और लोकप्रिय व्यंजन को चुना गया है, जो एक ही स्थान पर उपलब्ध रहेगा। इसका उद्देश्य उत्तर प्रदेश के खानपान को राज्य की पहचान के रूप में स्थापित करना और स्थानीय स्वाद व संस्कृति को बढ़ावा देना है।
One District–One Product (ODOP) योजना के तहत कारीगरों द्वारा तैयार उत्पादों की प्रदर्शनी और बिक्री की जाएगी। इसके साथ ही GI टैग प्राप्त उत्पादों को ट्रेड शो के रूप में प्रदर्शित किया जाएगा, जिससे स्थानीय उद्योग, शिल्प और रोजगार को प्रोत्साहन मिलेगा।
उत्तर प्रदेश दिवस समारोह के दौरान ‘उत्तर प्रदेश गौरव सम्मान 2025–26’ से 5 विशिष्ट व्यक्तित्वों को सम्मानित किया जाएगा। शिक्षा, साहित्य, कृषि, महिला सशक्तिकरण और अंतरिक्ष विज्ञान जैसे क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वालों को यह सम्मान मिलेगा। इसके अलावा मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के तहत उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले जिलों को भी सम्मानित किया जाएगा।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ODOC योजना का औपचारिक शुभारंभ करेंगे और सरदार वल्लभभाई पटेल रोजगार एवं औद्योगिक जोन योजना का उद्घाटन भी करेंगे। तीन दिनों तक लोक कला, शास्त्रीय नृत्य और समकालीन सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से उत्तर प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को मंच पर प्रदर्शित किया जाएगा।