Statement Against Akhilesh Yadav Daughter: उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव की बेटी अदिति यादव को लेकर सोशल मीडिया पर अभद्र व आपत्तिजनक टिप्पणियां करने के मामले में बड़ा सियासी बवाल देखने को मिला। सपा नेताओं ने इस मामले को लेकर यूपी पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की है।
इस मामले को लेकर सपा प्रवक्ता मनोज काका ने सोशल मीडिया प्लेफॉर्म एक्स पर डीजीपी यूपी, PMO और गृह मंत्रालय को टैग किया है। उन्होंने लिखा कि राजनीति अपनी जगह पर हमारी बेटियों के खिलाफ अभद्र टिप्पणी बर्दाश्त नही की जाएगी। उन्होंने यूपी डीजीपी से अपील है कि दोषियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाए।
सपा प्रवक्ता फखरुल हसन चांद ने भी इस मामले को लेकर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी है। सपा प्रवक्ता ने एक्स पोस्ट पर भाजपा पर आरोप लगाते हुए लिखा कि चाल चरित्र और चेहरे वाले दल के लोग जैसे ही किसी मुद्दे मे फंसते है इनको आईना दिखाया जाता है। ये अपनी राजनीति के सबसे निचले स्तर पर गिर चुके है और समाजवादी परिवार के सदस्यों पर अपमानजनक टिप्पणी करने लगते हैं।
यह भी पढ़ें- CJP के मंच पर फिर दिखेंगे सोनम वांगचुक, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर पुणे में कल प्रदर्शन
उन्होंने कहा कि कभी बीजेपी की मेयर सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष की स्वर्गीय माता के बारे में बोलती है तो कभी बीजेपी के नेता व कार्यकर्ता अपनी निचली घटिया सोच के साथ उनकी बेटी के बारे मे सोशल मीडिया पे टिप्पणी कर रहे हैं। इससे पहले भी ये लोग ऐसा कर चुके है। फखरुल हसन चांद ने चेतावनी देते हुए कहा कि साफ साफ सुन लो सोशल मीडिया पर समाजवादी परिवार पर लिखने वालों को बख्शेंगे नहीं। एक एक पर मुकदमा दर्ज करवाएंगे थाने में नहीं लिखेगा तो 173(3) BNSS से लिखवाएंगे... तैयार रहना कोर्ट में सामना जरूर होगा।
अदिति यादव को लेकर सोशल मीडिया पर अभद्र व आपत्तिजनक टिप्पणियों को लेकर सपा सांसद राजीव राय ने भी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने एक्स पर लिखा कि राजनीति का सबसे घटिया स्तर और मानसिक विक्षिप्तता की पराकाष्ठा है कि यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की बेटी के बारे में सोशल मीडिया पर भद्दे और गंदे पोस्ट किए जा रहे हैं और यूपी पुलिस अभी तक कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। ये सब शायद इसलिए कि वह किसी बीजेपी नेता की बेटी नहीं है। शर्म करो।
बता दें कि लखनऊ में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने हजरतगंज कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई है। पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की बेटी अदिति यादव के खिलाफ सोशल मीडिया पर की गई आपत्तिजनक पोस्ट पर नाराजगी व्यक्त करते हुए पोस्ट करने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करके सख्त कार्रवाई की मांग की गई। सपा नेताओं ने स्पष्ट किया है कि यदि तय समय सीमा के अंदर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई नहीं की गई, तो पार्टी बड़े स्तर पर आंदोलन करेगी।