सांकेतिक तस्वीर (सोर्स- सोशल मीडिया) 
उत्तर प्रदेश

यूपी की अफरशाही में भूचाल, तीन दिन में तीसरी बार दौड़ी तबादला एक्सप्रेस, 14 आईएएस अफसर इधर से उधर

UP IAS Transfer News: उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने गुरुवार को नौकरशाही में बड़ा फेरबदल किया। 14 वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों के विभागों में फेरबदल किया गया है। मंगलवार को भी 14 का तबादला हुआ था।

अभिषेक सिंह

IAS Transfer News: योगी सरकार ने गुरुवार को नौकरशाही में बड़ा फेरबदल किया। 14 वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों के विभागों में फेरबदल किया गया है। मुख्य सचिव एसपी गोयल से आईआईडीसी (अवसंरचना एवं औद्योगिक विकास आयुक्त) और यूपीडा के सीईओ का प्रभार छीन लिया गया है। अब उनके पास कोई भी विभाग नहीं रहेगा।

इस तबादला सूची का सबसे चौंकाने वाला पहलू यह है कि प्रमुख सचिव पद के प्रबल दावेदार अपर मुख्य सचिव वित्त दीपक कुमार, मुख्य सचिव एसपी गोयल से भी ज़्यादा ताकतवर अधिकारी बनकर उभरे हैं। वह 1990 बैच के आईएएस अधिकारी हैं। सेवानिवृत्त सरकारी अधिकारियों का कहना है कि काफी समय हो गया है जब मुख्य सचिव के पास कोई विभाग नहीं होगा।

एसपी गोयल के कई विभाग गए

दरअसल, उत्तर प्रदेश सरकार में मुख्य सचिव आमतौर पर अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास आयुक्त, अध्यक्ष पिक-अप, यूपीडा के सीईओ, समन्वय विभाग के अपर मुख्य सचिव, उपशा (उत्तर प्रदेश राज्य राजमार्ग प्राधिकरण) और यूपीडास्प के परियोजना निदेशक का कार्यभार संभालते हैं। हालांकि, तबादला सूची में मुख्य सचिव एसपी गोयल से ये सभी पद छीनकर वित्त विभाग के एसीएस दीपक कुमार को सौंप दिए गए हैं।

दीपक कुमार की बढ़ी ताकत

IAS दीपक कुमार से बेसिक और माध्यमिक शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव का कार्यभार वापस लिया गया है। लेकिन, उन्हें कृषि उत्पादन आयुक्त, वित्त विभाग के साथ अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास आयुक्त, अध्यक्ष पिकअप, यूपीडा के सीईओ, उपशा, समन्वय विभाग के अपर मुख्य सचिव और यूपीडास्प के परियोजना निदेशक का कार्यभार भी सौंपा गया है। बीते साढ़े आठ साल में यूपी की ब्यूरोक्रेसी में कोई भी इतना ताकतवर अपर मुख्य सचिव नहीं रहा है। शासन के कामकाज के लिहाज से दीपक कुमार, एसपी गोयल से भी वजनदार महकमों की कमान संभालेंगे

पार्थसारथी सेन का हुआ तबादला

उधर, अगस्त 2022 से चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की कमान संभाल रहे पार्थसारथी सेन शर्मा का तबादला बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग के प्रमुख सचिव पद पर किया है। शर्मा को विभाग में तीन साल से ज्यादा समय हो गया था, इसलिए उनका तबादला तय माना जा रहा था। इसी साल मई में केंद्रीय प्रतिनियुक्ति से लौटे 1994 बैच के आईएएस अमित कुमार घोष का तबादला सचिवालय प्रशासन और पशुपालन विभाग के प्रमुख सचिव पद से चिकित्सा एवं स्वास्थ विभाग, चिकित्सा शिक्षा विभाग के प्रमुख सचिव पद पर किया है। इसे घोष की मुख्य धारा में दमदार वापसी के रूप में देखा जा रहा है।

मुकेश मेश्राम का विभाग भी बदला

बीते मंगलवार को जारी तबादला सूची में पर्यटन विभाग के प्रमुख सचिव मुकेश मेश्राम से दो दिन पहले महानिदेशक का चार्ज लेकर राकेश कुमार-2 को दिया गया था। मुकेश मेश्राम को पर्यटन विभाग से हटाकर पशुपालन, दुग्ध विकास और मत्स्य विभाग का प्रमुख सचिव बनाया गया है। मुकेश मेश्राम और पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह की बीते कई महीनों से अनबन चल रही थी।

संजय प्रसाद की ताकत बरकरार

सीएम योगी आदित्यनाथ के सबसे भरोसेमंद आईएएस संजय प्रसाद की ताकत बरकरार रही है। संजय प्रसाद को सीएम योगी के प्रमुख सचिव के साथ गृह,गोपन, प्रोटोकॉल, सूचना, वीजा, पासपोर्ट, सतर्कता और राज्य संपत्ति विभाग का प्रमुख सचिव बनाए रखा है। उनसे नागरिक उड्‌डयन विभाग का चार्ज लेकर दीपक कुमार को दिया है।

मुख्य सचिव एसपी गोयल के करीबी आईएएस आलोक कुमार को महत्वपूर्ण विभागों की कमान मिलने की संभावना जताई जा रही थी। आलोक कुमार के पास प्रमुख सचिव नियोजन, कार्यक्रम क्रियान्वयन, वन ट्रिलियन डॉलर इकोनॉमी के नोडल अधिकारी का कार्यभार यथावत रहेगा। उन्हें जीरो पावर्टी का भी नोडल अधिकारी बनाया है। लेकिन उनसे उत्तर प्रदेश पुनर्गठन, समन्वय, भाषा, राष्ट्रीय एकीकरण, सामान्य प्रशासन, निदेशक हिंदी संस्थान का कार्यभार लेकर कुछ हल्का किया गया है।

MLC Election Results LIVE: यूपी, बिहार, महाराष्ट्र समेत चार राज्यों में मतगणना, यूपी की 11 सीटों पर नजर

BRICS Parliamentary Forum 2026: ब्रिक्स फोरम में बिरला का संदेश, चर्चाओं से नहीं ठोस नतीजों से तय होगी सफलता

Bihar MLC Election Result: पटना में मतगणना केंद्र पर हंगामा, CCTV नहीं होने पर कांग्रेस-जन सुराज ने उठाए सवाल

चक्रवात अर्णव आंध्र प्रदेश के तट से टकराएगा, 140 KM की रफ्तार से चलेंगी हवाएं; 20 राज्यों में बारिश का अलर्ट

ज्ञानेश कुमार के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में आज सुनवाई, 12 विपक्षी पार्टियों की संयुक्त याचिका को साथ सुनेगा कोर्ट