Highlights
सोनभद्र में पेड़ के नीचे एक मजदूर का शव मिला
मृतक की मौत संदिग्ध परिस्थितियों में हुई
मृतक के पत्नी और बच्चों के सामने अब रोजी-रोटी का संकट
सोनभद्र पुलिस मामले की गुत्थी सुलझाने में जुटी
Sonbhadra Crime News: सोनभद्र जिले के बखड़ऊर इलाके में मंगलवार सुबह मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करने वाले 38 वर्षीय मजदूर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सुबह उसका शव श्याम महाविद्यालय के पास एक पेड़ के नीचे संदिग्ध अवस्था में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
प्रधान नगीना ने जानकारी देते हुए बताया कि मृतक राजेश (38 वर्ष) पुत्र बुडुक अगरिया मूल रूप से पन्नूगंज थाना क्षेत्र का निवासी था। वह पिछले पांच-छह वर्षों से चोपन थाना क्षेत्र के बखड़ऊर में अपनी ससुराल में रहकर मजदूरी करता था। स्थानीय स्तर पर वह चोपन के सिंदुरिया इलाके में एक गल्ला कारोबारी के यहां मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार की आजीविका चलाता था।
मंगलवार सुबह स्थानीय ग्रामीणों ने श्याम महाविद्यालय के निकट पेड़ के नीचे एक शव पड़ा देखा, जिसकी शिनाख्त राजेश के रूप में हुई। ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना चोपन पुलिस को दी। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे चोपन थाने के एसआई मनोज सिंह ने पुलिस बल के साथ मुआयना किया और पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
फिलहाल राजेश की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की गहराई से जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा।
राजेश अपने पीछे भरा-पूरा परिवार छोड़ गया है। उसके परिवार में उसकी पत्नी के अलावा पांच बेटियां और एक बेटा, कुल छह बच्चे हैं। अचानक हुई इस अप्रत्याशित घटना से बेसहारा हुई पत्नी और मासूम बच्चों के सामने दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। इकलौते कमाने वाले सहारे के चले जाने से परिवार के सामने गंभीर आर्थिक संकट और बच्चों के पालन-पोषण व भविष्य की चिंता खड़ी हो गई है। फिलहाल हर किसी की निगाहें उत्तर प्रदेश पुलिस की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी हुई हैं।