Sanatan Pandey Statement: समाजवादी पार्टी के बलिया से सांसद सनातन पांडेय ने सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुसभपा) के मुखिया ओमप्रकाश राजभर के उस बयान पर प्रतिक्रिया दी है जिसमें राजभर ने सपा में बागी होने का दावा किया था। सनातन पांडेय ने कहा कि अगर वह सपा से बागी हो गए तो राजनीति से ही संन्यास ले लेंगे।
बता दें कि उत्तर प्रदेश के पंचायती राज मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने सपा में टूट को लेकर बड़ा दावा किया था। ओमप्रकाश राजभर ने बुधवार को एक सोशल मीडिया पोस्ट में दावा किया था कि समाजवादी पार्टी में जल्द ही बड़ी टूट होगी। उसके बाद आज सुबह-सुबह उन्होंने एक और पोस्ट किया जिसमें कहा कि वह बागी बलिया का लाल समाजवादी पार्टी के बागी सांसदों का नेता ही होगा। ऐसा माना गया कि उनका यह इशारा सनातन पांडेय की ओर है लेकिन उनके इस बयान पर बलिया के सांसद ने भी पलटवार करते हुए करारा जवाब दिया है।
सनातन पांडेय ने आज ओमप्रकाश राजभर का पलटवार करते हुए कहा कि उन्हें दुनिया की कोई ताकत समाजवादी पार्टी से अलग नहीं कर सकती है। पांडेय ने कहा कि मेरे पिता मुझे इंजीनियर बनाना चाहते थे लेकिन पिता की मौत के बाद 1986 के बाद राजनीति में आया। सपा सांसद पांडेय ने कहा कि अगर बलिया का लाल बागियों का नेतृत्व करेंगा तो मैं राजनीति से ही संन्यास ले लूंगा।
यह भी पढ़ें- केशव प्रसाद की PC के बाद काजू-बादाम की प्लेटों पर टूटे भाजपा कार्यकर्ता, सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
दरअसल गुरुवार सुबह-सुबह ओपी राजभर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में लिखा कि कल से सब पूछ रहे हो कि सपा में क्या टूट होने वाली है? तो सुनो! सपा के बागी सांसदों के गुट का नेतृत्व उत्तर प्रदेश की 'बागी भूमि' का ही लाल करेगा..और करे भी क्यों न.. कल जिस तरह से सपा कार्यालय में सम्मेलन के नाम पर ब्राह्मणों का अपमान किया गया, उससे 'बागी बलिया' का लाल बहुत आहत हुआ है।
सनातन पांडेय ने ओमप्रकाश राजभर कटाक्ष करते हुए कहा कि राजभर हमारे संसदीय क्षेत्र से विधायक हैं। सनातन पांडेय ने आरोप लगाया कि उन्हें बिना कुछ किए ही राजनीति में सफलता मिल गई है, इसलिए वे ऐसे बयान दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि राजभर के बेटे रसड़ा से चुनाव हार गए थे लेकिन उनको कभी अपमानित नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि खुद की उनकी पार्टी टूट गई, पहले वो अपनी पार्टी संभाल ले। सनातन पांडेय ने आरोप लगाया कि राजभर ने स्वजातीय लोगों के लिए कुछ भी नहीं किया है।