प्रयागराज में TGT-PGT अभ्यर्थियों का प्रदर्शन (सोर्स: सोशल मीडिया)
प्रयागराज

जीत का प्रमाणपत्र लिए आंदोलनकारियों के बीच पहुंचे नवनिर्वाचित MLC, प्रयागराज में TGT-PGT अभ्यर्थियों पर मुकदमा

Prayagraj TGT-PGT Protest: आरोप है कि प्रदर्शनकारियों ने पुलिस की बैरिकेडिंग पार कर परिसर में प्रवेश किया और तोड़फोड़ करते हुए शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाई। मामले में आरोपों की जांच की जा रही है।

ओमप्रकाश सिंह परिहार, नमिता प्रजापति

Highlights:

  • प्रदर्शनकारियों ने पुरानी भर्ती नियमावली लागू करने की उठाई मांग

  • जीत का प्रमाणपत्र हासिल कर सीधे अभ्यर्थियों के बीच पहुंचे डॉ. मानसिंह यादव

  • आंदोलनरत अभ्यर्थियों से मिले सपा प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल

Prayagraj TGT-PGT Aspirants Case Filed: टीजीटी-पीजीटी भर्ती पुरानी नियमावली के तहत कराने की मांग को लेकर शिक्षा निदेशालय के बाहर चल रहे प्रतियोगी छात्रों के आंदोलन के बीच पुलिस ने 200 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। आरोप है कि 27 अक्टूबर को प्रदर्शन के दौरान कुछ लोगों ने बैरिकेडिंग पार कर शिक्षा निदेशालय परिसर में जबरन प्रवेश किया, तोड़फोड़ की और सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाई।

सिविल लाइंस थाने में शिक्षा निदेशालय के केयरटेकर मोहम्मद सैफी की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया है। दूसरी ओर, नवनिर्वाचित स्नातक एमएलसी डॉ. मानसिंह यादव और समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल ने आंदोलनकारी अभ्यर्थियों के बीच पहुंचकर उनकी मांगों का समर्थन किया। इससे भर्ती विवाद को लेकर आंदोलन और राजनीतिक रूप से गरमा गया है।

छात्रों के आंदोलन पहुंचे सपा के नवनिर्वाचित एमएलसी और प्रदेश अध्यक्ष

झांसी इलाहाबाद क्षेत्र से नवनिर्वाचित स्नातक एमएलसी डॉ. मानसिंह यादव और सपा प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल आंदोलनरत अभ्यर्थियों से मिलने शिक्षा निदेशालय पहुंचे। दोनों नेताओं ने धरने पर बैठकर छात्रों की मांगों का समर्थन किया। श्यामलाल पाल ने कहा कि सरकार को हठधर्मिता छोड़कर अभ्यर्थियों की मांगों पर विचार करना चाहिए। उनके मुताबिक, बेरोजगारों, किसानों और नौजवानों समेत समाज के विभिन्न वर्गों को समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।

बैरिकेडिंग पार कर परिसर में घुसने का आरोप

सिविल लाइंस इंस्पेक्टर रामाश्रय यादव के मुताबिक, केयरटेकर मोहम्मद सैफी ने लिखित शिकायत में बताया कि 27 अक्टूबर को दोपहर करीब तीन बजे शिक्षा निदेशालय के पूर्वी द्वार के सामने सड़क के दोनों ओर प्रदर्शनकारी जुटे थे। इसी दौरान करीब डेढ़ से दो सौ लोग भीड़ में शामिल हो गए। आरोप है कि उन्होंने पुलिस की बैरिकेडिंग पार कर परिसर में प्रवेश किया और तोड़फोड़ करते हुए शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले में आरोपों की जांच की जा रही है।

प्रयागराज में TGT-PGT अभ्यर्थियों का प्रदर्शन

मांगें नहीं मानीं तो बड़े आंदोलन की चेतावनी

एमएलसी डॉ. मानसिंह यादव ने कहा कि जीत का प्रमाणपत्र हासिल करने के बाद वह सीधे अभ्यर्थियों के बीच पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि छात्रों और नौजवानों के संघर्ष में साथ खड़ा होना उनके लिए अधिक महत्वपूर्ण है। उन्होंने पुरानी नियमावली से भर्ती की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे टीजीटी-पीजीटी अभ्यर्थियों को हरसंभव सहयोग देने का भरोसा दिया। साथ ही चेतावनी दी कि मांगें नहीं मानी गईं तो जेपी आंदोलन से भी बड़ा आंदोलन खड़ा किया जाएगा। धरने पर बैठे छात्रों के दो गुटों में बंटने के सवाल पर श्यामलाल पाल ने भाजपा पर ‘फूट डालो और राज करो’ की नीति अपनाने का आरोप लगाया।

कार्यक्रम में सपा जिलाध्यक्ष अनिल यादव, महानगर अध्यक्ष सैयद इफ्तेखार हुसैन, प्रवक्ता दान बहादुर मधुर, रविंद्र यादव एडवोकेट, तारिक सईद अज्जू, जगदीश यादव, सचिन श्रीवास्तव, जीत राज हेला और दिलीप सोनी समेत पार्टी के अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

प्रयागराज में TGT-PGT अभ्यर्थियों का प्रदर्शन

INDIA गठबंधन का जन महाभियोग कार्यक्रम रद्द, खरगे-राहुल गांधी समेत कई नेता होने थे शामिल

PM-Kisan 24th Installment: क्या आपकी पिछली किस्त भी अटकी थी? जानिए किन किसानों को मिल सकते हैं ₹4,000

PM Kisan Yojana: पीएम किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त कैसे चेक करें और निकालें; जानें Step by Step

पीएम नरेंद्र मोदी ने जारी की PM-किसान की 24वीं किस्त, किसानों के खाते में भेजे 19 हजार करोड़ रुपये

डेटिंग ऐप Tinder- Bumble और Hinge पर 75% प्रोफाइल फर्जी; जानें कैसे बचें रोमांस स्कैम से?