Ayushman Card For Senior Citizens: केंद्र और प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजना आयुष्मान कार्ड योजना में अपना योगदान देने में अव्वल रहा प्रयागराज। 70 वर्ष एवं उससे अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों के आयुष्मान कार्ड बनाने के अभियान में प्रयागराज ने पूरे उत्तर प्रदेश में पहला स्थान प्राप्त कर नया कीर्तिमान स्थापित किया है। जिले में अब तक 76,538 आयुष्मान कार्ड बनाए गए हैं, जो प्रदेश के सभी जिलों में सर्वाधिक हैं। इस उपलब्धि के लिए सात अक्टूबर को लखनऊ स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित कार्यक्रम में प्रयागराज को सम्मानित किया गया।
प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री बृजेश पाठक ने प्रयागराज की इस उपलब्धि की सराहना करते हुए स्वास्थ्य विभाग की टीम को प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिह्न प्रदान किए। उन्होंने अभियान में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रयागराज के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अरुण कुमार तिवारी के नेतृत्व में काम कर रही आयुष्मान भारत टीम के प्रयासों की प्रशंसा की।
आयुष्मान भारत योजना के तहत 70 वर्ष और उससे अधिक आयु के नागरिकों को स्वास्थ्य सुरक्षा का लाभ देने के लिए आयुष्मान कार्ड बनाने का अभियान चलाया जा रहा है। प्रयागराज में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अभियान को गति देते हुए 76,538 वरिष्ठ नागरिकों के आयुष्मान कार्ड तैयार किए। इसी प्रदर्शन के आधार पर प्रयागराज को प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त हुआ।
जिले की यह उपलब्धि इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि योजना का उद्देश्य अधिक उम्र के नागरिकों को उपचार संबंधी आर्थिक सुरक्षा उपलब्ध कराना है। कार्ड बनने के बाद पात्र लाभार्थी योजना के तहत सूचीबद्ध अस्पतालों में उपचार की सुविधा प्राप्त कर सकते हैं।
प्रदेश की राजधानी लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में प्रयागराज के सीएमओ डॉ. अरुण कुमार तिवारी के नेतृत्व में आयुष्मान भारत अभियान में योगदान देने वाली टीम को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। आयुष्मान भारत के नोडल अधिकारी डॉ. राजेश सिंह, डीआईयू के डॉ. बीके यादव, दिव्यांश राय और कस्तूरी डे को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिह्न प्रदान किए गए।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के मुताबिक जिले में अभियान को प्रभावी तरीके से संचालित करने, पात्र वरिष्ठ नागरिकों तक पहुंच बनाने और कार्ड निर्माण की प्रक्रिया को तेजी से पूरा करने में टीम के समन्वित प्रयासों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
लखनऊ स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश के स्वास्थ्य विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। इनमें अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण वी. हेकाली झिमोमी, सचिव स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण रितु माहेश्वरी, सीईओ सांची अर्चना वर्मा और डायरेक्टर जनरल हेल्थ डॉ. पवन कुमार अरुण समेत अन्य अधिकारी शामिल रहे।
प्रयागराज की इस उपलब्धि को जिले में आयुष्मान भारत योजना के प्रभावी क्रियान्वयन और वरिष्ठ नागरिकों तक सरकारी स्वास्थ्य सुरक्षा का लाभ पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता के रूप में देखा जा रहा है।