Handia Pawan Yadav Murder Case Accused Arrested: हंडिया में सपा नेता और पूर्व प्रधान पवन कुमार यादव की हत्या के मामले में पुलिस ने 24 घंटे के भीतर बड़ी कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बुधवार को बरौत इलाके में पुलिस और हत्यारोपियों के बीच मुठभेड़ हुई। पुलिस के मुताबिक, इस दौरान हिस्ट्रीशीटर लल्ला यादव और निहाल के पैर में गोली लगी।
दोनों घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मुठभेड़ के बाद प्रधान पति समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किए जाने की जानकारी दी है।
हंडिया थाना क्षेत्र के मुंगराव गांव निवासी पवन कुमार यादव गांव के पूर्व प्रधान होने के साथ समाजवादी पार्टी के जिला सचिव थे। मंगलवार शाम बाइक सवार बदमाशों ने उन्हें गोली मार दी थी। वारदात के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए थे। गंभीर हालत में पवन यादव को अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित की थीं।
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया कि पवन यादव की हत्या के लिए तीन हमलावर बाइक से पहुंचे थे। प्रयागराज पुलिस ने मामले की जांच के दौरान लल्ला यादव, बृजेश यादव और निहाल अली को आरोपी बनाया। पुलिस का दावा है कि आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल बाइक और तमंचे भी बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, बुधवार को आरोपियों की तलाश के दौरान बरौत क्षेत्र में उनकी मौजूदगी की सूचना मिली। पुलिस टीम ने घेराबंदी की तो आरोपियों ने फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में लल्ला यादव और निहाल के पैर में गोली लगी। दोनों को पुलिस ने हिरासत में लेकर अस्पताल पहुंचाया। इसके बाद अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस की जांच में हत्या के पीछे आपसी रंजिश की बात सामने आने की जानकारी दी गई है। हालांकि, हत्या की पूरी वजह और वारदात में अन्य लोगों की भूमिका को लेकर पुलिस जांच कर रही है। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर हत्या की साजिश, हथियारों की उपलब्धता और वारदात में शामिल अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है।
पवन यादव की सरेआम हुई हत्या के बाद इलाके में तनाव और आक्रोश का माहौल बन गया था। पुलिस की ओर से 24 घंटे के भीतर आरोपियों की गिरफ्तारी और मुठभेड़ की कार्रवाई को मामले की जांच में अहम प्रगति माना जा रहा है। मामले में पुलिस की आगे की कार्रवाई जारी है।