प्रयागराज में सात साल की मासूम बच्ची के साथ रेप
बेटी के साथ हुई दरिंदगी से आहत पिता ने भी जान दी
पिता के सुसाइड के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया
Prayagraj Girl Rape Accused Arrest: प्रयागराज में सात साल की मासूम बच्ची के साथ रेप का मामला सामने आया है। जिसकी दो दिन पहले पिता ने पुलिस को शिकायत दी थी, लेकिन दो दिन बाद भी पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया।
बेटी के साथ हुई दरिंदगी से आहत होकर पिता ने भी फंदा लगाकर रविवार को सुसाइड कर लिया है। इसके बाद पुलिस हरकत में आई और घेराबंदी कर आरोपी मुकेश को सरसों के खेत से गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, घटना 27 नवंबर की शाम की है। प्रयागराज के फाफामऊ क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली सात वर्षीय बच्ची कुछ समय से नवाबगंज क्षेत्र में अपनी बुआ के घर रह रही थी। परिवार में शादी समारोह होने के कारण वह वहां आई थी।
शुक्रवार शाम बच्ची बुआ की बकरियां चराने के लिए घर से कुछ दूरी पर खेत की तरफ गई थी। इसी दौरान उसके साथ दरिंदगी की घटना हुई। घटना के बाद बच्ची गंभीर हालत में मिली। वह किसी तरह घर पहुंची और परिजनों को आपबीती बताई। परिवार के लोग यह सुनकर हैरान रह गए।
बच्ची शृंगवेरपुर धाम स्थित निषादराज किले के आसपास बकरियां चरा रही थी। आरोप है कि इसी दौरान कुछ युवकों ने उसे अकेला पाकर वारदात को अंजाम दिया। बच्ची की हालत बिगड़ने पर उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। परिजनों की शिकायत पर नवाबगंज थाने में केस दर्ज किया गया। शुरुआती रिपोर्टों में पीड़ित परिवार ने पुलिस चौकी पर शिकायत सुनने में लापरवाही का आरोप भी लगाया था।
दो दिन बीत जाने के बाद जब यूपी पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की तो बच्ची के पिता ने सुसाइड कर लिया। उनका शव घर के पास पेड़ से लटका मिला। परिजनों के मुताबिक, बेटी के साथ हुई घटना की जानकारी मिलने के बाद से वह मानसिक रूप से परेशान थे।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हालांकि, पिता की मौत के सही कारणों का अभी पता नहीं चला है। डीसीपी गंगानगर के निर्देश पर पुलिस ने आरोपी मुकेश को गिरफ्तार कर लिया।