जिलाधिकारी मनीष वर्मा ने जारी की एडवाइजरी
पूर्वांचल के कई जिलों में भारी से बहुत भारी वर्षा की संभावना
पुलिस-प्रशासन और राहत विभागों को सतर्क रहने के निर्देश
Cyclone Arnab Prayagraj On Alert: बंगाल की खाड़ी में बने अति प्रचंड चक्रवाती तूफान 'अर्णब' के प्रभाव से प्रयागराज समेत पूरे पूर्वी उत्तर प्रदेश में 28 से 30 अक्टूबर तक मौसम बिगड़ने की आशंका है। मौसम विभाग ने तेज झोंकेदार हवाओं, मेघगर्जन, वज्रपात और व्यापक बारिश का अलर्ट जारी किया है। 29 और 30 अक्टूबर को प्रयागराज सहित पूर्वांचल के कई जिलों में भारी से बहुत भारी वर्षा की संभावना जताई गई है। इसे देखते हुए जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया है।
जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने सभी संबंधित विभागों को सतर्क रहने के निर्देश देते हुए लोगों से अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने, सुरक्षित स्थानों पर रहने और मौसम संबंधी एडवाइजरी का पालन करने की अपील की है। पुलिस, नगर निगम, बिजली विभाग, स्वास्थ्य विभाग और आपदा प्रबंधन की टीमें संभावित आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं।
मौसम विभाग के अनुसार चक्रवाती तूफान अर्णब 27 अक्टूबर की दोपहर पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी में 16.2 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 83.3 डिग्री पूर्वी देशांतर के पास केंद्रित था। इसके 28 अक्टूबर की सुबह आंध्र प्रदेश और यानम तट के बीच बापटला और विशाखापत्तनम के मध्य तट पार करने की संभावना है। इस दौरान इसकी अधिकतम सतत हवा की गति 125 से 135 किलोमीटर प्रति घंटा तथा झोंकों के साथ 150 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है।
इस मौसम तंत्र के प्रभाव से उत्तर प्रदेश में अधिकतम तापमान में 6 से 9 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आने का अनुमान है। प्रयागराज में तेज हवाओं के साथ बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने विशेष सतर्कता बरतने को कहा है।
पेड़ों, बिजली के खंभों और जर्जर दीवारों के पास खड़े न हों।
गरज-चमक के दौरान खुले मैदान, खेत और जलाशयों से दूर रहें।
मोबाइल चार्जिंग या बिजली के उपकरणों का अनावश्यक उपयोग न करें।
जलभराव वाले रास्तों से गुजरने से बचें।