चक्रवात अर्नब की रफ्तार बढ़ने से तटीय इलाकों में दहशत, 150 की रफ्तार से चलेंगी हवाएं, रेड अलर्ट

Weather Report: आंध्र प्रदेश में चक्रवात अर्नब का खतरा बढ़ गया है। IMD ने भारी बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया। यानम-काकीनाडा क्षेत्र में लैंडफॉल की आशंका है।
Weather Today
चक्रवात अर्नब से तटीय इलाकों में बढ़ा खतरा(सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Highlights:

  • चक्रवात अर्नब के यानम-काकीनाडा क्षेत्र में लैंडफॉल की आशंका

  • IMD ने भारी बारिश और 150 किमी प्रति घंटे तक तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया

  • आंध्र प्रदेश और ओडिशा में हजारों आश्रय स्थल तैयार, बचाव टीमें तैनात

Weather Today: आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों में चक्रवात अर्नब का प्रभाव बढ़ने लगा है। जानकारी के मुताबिक, तूफान का लैंडफॉल शुरू होने की स्थिति बन रही है और यह प्रक्रिया काकीनाडा के पास यानम क्षेत्र के आसपास होने की उम्मीद है। अधिकारियों ने मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू को चक्रवात की मौजूदा स्थिति से अवगत कराया है।

मुख्यमंत्री लगातार अधिकारियों के संपर्क में हैं और तूफान की गति, दिशा तथा संभावित प्रभाव को लेकर हर घंटे अपडेट ले रहे हैं। उन्होंने जिला कलेक्टरों और संबंधित अधिकारियों के साथ कई समीक्षा बैठकें भी की हैं। प्रशासन की प्राथमिकता लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और संभावित नुकसान को कम करना है।

IMD ने जारी की भारी बारिश की चेतावनी

भारतीय मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, चक्रवात अर्नब की गति पहले लगाए गए अनुमान से अधिक है। शुरुआत में लैंडफॉल दोपहर तक होने की संभावना जताई गई थी, लेकिन अब इसके तड़के 2 बजे से सुबह 4 बजे के बीच यानम-काकीनाडा क्षेत्र के पास पूरा होने का अनुमान है। लैंडफॉल के दौरान हवा की रफ्तार 125 से 135 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है, जबकि तेज झोंकों की गति 140 से 150 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की आशंका है।

मौसम विभाग ने बताया कि, चक्रवात पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर सक्रिय था। पिछले छह घंटों में यह लगभग 18 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ा। मंगलवार शाम 5:30 बजे तूफान काकीनाडा से करीब 90 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व, विशाखापत्तनम से 170 किलोमीटर दक्षिण-दक्षिण-पश्चिम और मछलीपट्टनम से 170 किलोमीटर पूर्व-उत्तर-पूर्व में स्थित था।

आंध्र प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

तूफान के आगे बढ़ने से आंध्र प्रदेश के उत्तरी तटीय जिलों में भारी बारिश और तेज हवाओं का खतरा बढ़ गया है। श्रीकाकुलम में भारी बारिश के साथ तेज हवाएं चलने की आशंका है। वहीं, विशाखापत्तनम और काकीनाडा में तेज हवाओं का असर महसूस किया जाने लगा है।


खबर अपडेट की जा रही है...

Navbharat Live
navbharatlive.com