सहायक आचार्य भर्ती परीक्षा (सोर्स: सोशल मीडिया)
प्रयागराज

सहायक आचार्य भर्ती परीक्षा: 81.04 फीसदी अभ्यर्थी रहे उपस्थित, दूसरे दिन 18 विषयों की परीक्षा शांतिपूर्ण संपन्न

UP Education Service Selection Commission: आयोग अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने परीक्षा को सुचारू, पारदर्शी और व्यवस्थित बताते हुए सफल आयोजन के लिए संबंधित जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन का आभार जताया।

ओमप्रकाश सिंह परिहार, नमिता प्रजापति

Highlights:

  • दो दिनों में पंजीकृत 1.27 लाख अभ्यर्थियों में से 1.03 लाख ने दी परीक्षा

  • दोनों पालियों को मिलाकर 24,523 महिला अभ्यर्थी उपस्थित हुईं, जबकि पुरुष अभ्यर्थियों की 27,876 रही संख्या

  • परीक्षा में पारदर्शिता और नकलविहीन व्यवस्था सुनिश्चित, एआई कैमरों के जरिए की गई लाइव निगरानी

Assistant Professor Recruitment Exam: उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग की ओर से आयोजित सहायक आचार्य भर्ती परीक्षा के दूसरे दिन भी प्रदेशभर में परीक्षा शांतिपूर्ण और नकलविहीन माहौल में संपन्न हुई। छह मंडल मुख्यालयों के निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में 18 विषयों की लिखित परीक्षा कराई गई।

दूसरे दिन की परीक्षा में कुल 63,505 पंजीकृत अभ्यर्थियों के सापेक्ष 52,399 अभ्यर्थी उपस्थित रहे। इस तरह उपस्थिति का प्रतिशत 82.51 रहा। वहीं 19 और 20 नवंबर को आयोजित दो दिवसीय परीक्षा में कुल 1,27,571 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 1,03,393 ने परीक्षा दी। दोनों दिनों की कुल उपस्थिति 81.04 प्रतिशत दर्ज की गई।

आयोग अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने बताया कि प्रयागराज, लखनऊ, वाराणसी, गोरखपुर, मेरठ और आगरा मंडल मुख्यालयों पर परीक्षा का आयोजन निर्धारित व्यवस्था के तहत कराया गया। परीक्षा की शुचिता, पारदर्शिता और निष्पक्षता बनाए रखने के लिए आयोग की ओर से व्यापक निगरानी व्यवस्था की गई थी।

पहले पाली में सात, दूसरी में 11 विषयों की परीक्षा

शुक्रवार को पहली पाली की परीक्षा सुबह 9:30 से 11:30 बजे तक आयोजित हुई। इसमें हिंदी, राजनीतिक शास्त्र, मनोविज्ञान, शस्य विज्ञान, कृषि आनुवंशिकी एवं पादप प्रजनन, कीट विज्ञान और एशियन कल्चर विषय शामिल रहे।

दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर 2:30 से शाम 4:30 बजे तक हुई। इसमें समाजशास्त्र, रसायन विज्ञान, अंग्रेजी, अर्थशास्त्र, प्राणि विज्ञान, गृहविज्ञान, प्राचीन इतिहास, उद्यान विज्ञान, सैन्य विज्ञान, संगीत वादन और कृषि सांख्यिकी विषयों के अभ्यर्थी शामिल हुए।

पहली पाली में 84.81 और दूसरी में 80.20 प्रतिशत उपस्थिति

आयोग के उप सचिव संजय कुमार सिंह के मुताबिक, शुक्रवार की पहली पाली में 31,828 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 26,994 उपस्थित रहे। इस पाली में उपस्थिति 84.81 प्रतिशत रही। दूसरी पाली में 31,677 पंजीकृत अभ्यर्थियों के सापेक्ष 25,405 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी।

यहां उपस्थिति का आंकड़ा 80.20 प्रतिशत रहा। दोनों पालियों को मिलाकर 24,523 महिला अभ्यर्थी उपस्थित हुईं, जबकि पुरुष अभ्यर्थियों की संख्या 27,876 रही। महिला अभ्यर्थियों की उपस्थिति 81.59 और पुरुष अभ्यर्थियों की 83.34 प्रतिशत दर्ज की गई।

एआई कंट्रोल रूम से हुई परीक्षा केंद्रों की निगरानी

परीक्षा में पारदर्शिता और नकलविहीन व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए आयोग मुख्यालय में एआई इंटीग्रेटेड कंट्रोल कमांड रूम स्थापित किया गया था। यहां से परीक्षा केंद्रों पर लगे एआई कैमरों के जरिए लाइव निगरानी की गई।

अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार के साथ आयोग के सदस्य, सचिव, परीक्षा नियंत्रक और उप सचिव भी निगरानी व्यवस्था में शामिल रहे। परीक्षा के दौरान केंद्रों पर अभ्यर्थियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी गई। अध्यक्ष ने दोनों दिन की परीक्षा को सुचारू, पारदर्शी और व्यवस्थित बताते हुए सफल आयोजन में सहयोग के लिए संबंधित जिलों के जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन का आभार जताया।

Shivangi Singh Tilak Photos: शिवांगी के तिलक में क्या-क्या हुआ खास? देखें समारोह की वायरल तस्वीरें

राजस्थान पंचायत चुनाव में BJP क्यों हारी? जानें 5 बहुत बड़े कारण; 20 मंत्री नहीं बचा पाए अपना गढ़

IIT खड़गपुर के 75 साल पूरे, पीएम नरेंद्र मोदी ने जारी किया स्मारक सिक्का, छात्रों से की खास बातचीत

महाराष्ट्र में भारत के पहले 100% इलेक्ट्रिक हाइड्रोफॉइल जहाज का सफल परीक्षण, समंदर में दौड़ा कंडेला P-12 जहाज

फिल्म धुरंधर से बिल्कुल अलग है दाऊद इब्राहिम की असली जिंदगी? पूर्व FBI एजेंट कामरान फरीदी ने किए कई बड़े दावे