Allahabad High Court Bar Association Election: इलाहाबाद हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के चुनाव में 30 पदों के लिए कुल 263 प्रत्याशी मैदान में हैं। आज गुरुवार को हो रहे मतदान के साथ ही सभी प्रत्याशियों की किस्मत मतपेटियों में बंद हो जाएगी। चुनाव को लेकर हाईकोर्ट परिसर में अधिवक्ताओं के बीच सरगर्मी तेज है। अलग-अलग पदों पर प्रत्याशी अपने समर्थन में अधिवक्ताओं को लामबंद करने में जुटे हैं।
महासचिव पद पर इस बार 14 प्रत्याशियों के बीच मुकाबला है। इनमें बृजेंद्र कुमार पांडेय और राय साहब यादव के बीच मुकाबले की चर्चा अधिवक्ताओं के बीच सबसे ज्यादा है। दोनों खेमों की ओर से अपने-अपने पक्ष में मजबूत समर्थन का दावा किया जा रहा है। हालांकि इन दावों की वास्तविक तस्वीर मतदान और मतगणना के बाद ही स्पष्ट होगी। महासचिव पद का यह मुकाबला चुनाव की सबसे चर्चित लड़ाइयों में शामिल हो गया है।
अध्यक्ष पद के लिए आठ प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं, जबकि वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर 15 उम्मीदवार आमने-सामने हैं। संयुक्त सचिव प्रशासन के लिए 13, संयुक्त सचिव पुस्तकालय के लिए 12, संयुक्त सचिव प्रेस के लिए 10 और संयुक्त सचिव महिला पद के लिए पांच प्रत्याशी मैदान में हैं।
उपाध्यक्ष की छह सीटों के लिए भी मुकाबला काफी दिलचस्प है। चार पुरुष पदों के लिए 50 प्रत्याशी और दो महिला पदों के लिए छह प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं। कोषाध्यक्ष के पुरुष पद पर 11 और महिला पद पर तीन प्रत्याशी मैदान में हैं।
गवर्निंग काउंसिल की 15 सीटों के लिए भी बड़ी संख्या में प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं। इनमें 10 पुरुष सीटों पर 100 और पांच महिला सीटों पर 16 प्रत्याशी मैदान में हैं। इस तरह बार एसोसिएशन के विभिन्न पदों के लिए कुल 263 प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं।
17 सितंबर को मतदान के बाद मतगणना के साथ ही स्पष्ट होगा कि अधिवक्ताओं ने किसे अपना प्रतिनिधि चुना है। फिलहाल महासचिव पद की लड़ाई पर सबसे अधिक निगाहें टिकी हैं।