Jewar Airport New Name: उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने शुक्रवार को बड़ा फैसला लेते हुए जेवर में बन रहे नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का नाम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम पर रखने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी। योगी कैबिनेट ने इस प्रस्ताव पर मुहर लगा दी है।
कैबिनेट के फैसले की जानकारी देने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ खुद मीडिया के सामने पहुंचे। इस दौरान उनके साथ दोनों उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक समेत सहयोगी दलों के नेता भी मौजूद रहे।
सीएम योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा के 25 साल पूरे होने के अवसर पर 7 अक्टूबर का दिन गौरवशाली इतिहास के रूप में दर्ज हुआ है। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश ने विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं। प्रदेश में 42 नए हाईवे बनाए गए हैं और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश में 2,483 किलोमीटर लंबे 42 नेशनल हाईवे के निर्माण में लगभग ₹60,000 करोड़ का निवेश किया गया है। इस दौरान दिल्ली-सहारनपुर-देहरादून एक्सप्रेसवे, दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे और कानपुर-लखनऊ एक्सप्रेसवे का काम भी पूरा हो गया है।
रेल, मेट्रो और रीजनल रैपिड ट्रांजिट के क्षेत्र में, ₹30,000 करोड़ से ज्यादा की लागत से बनी देश की पहली हाई-स्पीड दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ नमो भारत ट्रेन (RRTS) का संचालन सफलतापूर्वक शुरू हो गया है।
लखनऊ, कानपुर, आगरा, मेरठ, गाजियाबाद, नोएडा और ग्रेटर नोएडा में मेट्रो रेल नेटवर्क का भी काफी विस्तार हुआ है। जेवर में नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के साथ, उत्तर प्रदेश एयर कनेक्टिविटी के मामले में नई ऊंचाइयां छू रहा है।
कैबिनेट की बैठक के बाद सीएम योगी आदित्यनाथ ने मीडिया के सामने बताया कि दादरी में ईस्टर्न और वेस्टर्न डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर को जोड़ने वाला एक बड़ा जंक्शन बनाया गया है, और इस कॉरिडोर का 1,050 किलोमीटर से ज्यादा हिस्सा राज्य से होकर गुजरता है।
वाराणसी में नेशनल वॉटरवे-1 पर भारत का पहला मल्टी-मॉडल इनलैंड पोर्ट टर्मिनल और देश का पहला फ्रेट विलेज है, जो कि 100 एकड़ में फैला है उसे बनाया गया है। इसके अलावा, राज्य 'उत्तर प्रदेश डिफेंस इंडस्ट्रियल कॉरिडोर' के जरिए औद्योगिक क्रांति की अगुवाई कर रहा है, जिसमें लखनऊ में ब्रह्मोस मिसाइल असेंबली यूनिट और 1,000 एकड़ में बन रहा PM MITRA टेक्सटाइल पार्क शामिल हैं।
सीएम योगी ने गरीबों, किसानों, महिलाओं और वंचित वर्गों के लिए संचालित योजनाओं का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में 65 लाख से अधिक प्रधानमंत्री आवास उपलब्ध कराए गए हैं और 3.67 करोड़ राशन कार्डधारकों को मुफ्त खाद्यान्न दिया जा रहा है।