Highlights
मथुरा में हत्या के प्रयास का फरार आरोपी गिरफ्तार
पुलिस मुठभेड़ में बदमाश के पैर में लगी गोली
भगौसा पुलिया के पास पुलिस और एसओजी टीम की संयुक्त कार्रवाई
अवैध तमंचा और कारतूस बरामद
Attempt To Murder Case Mathura: गोवर्धन थाना क्षेत्र में हत्या के प्रयास के मामले में फरार चल रहे एक फरार आरोपी को पुलिस और एसओजी टीम ने संयुक्त कार्रवाई के दौरान मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया। शनिवार रात गोवर्धन-बरसाना रोड पर भगौसा पुलिया के पास हुई मुठभेड़ में अभियुक्त के दाहिने पैर में गोली लगी, जिससे वह घायल हो गया। पुलिस ने उसके कब्जे से एक अवैध तमंचा, कारतूस और घटना में प्रयुक्त अपाचे मोटरसाइकिल बरामद की है। मथुरा पुलिस ने घायल आरोपी को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोवर्धन में भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, थाना गोवर्धन पुलिस और एसओजी टीम शनिवार रात क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान गोवर्धन-बरसाना रोड पर भगौसा पुलिया के पास अपाचे मोटरसाइकिल पर सवार एक संदिग्ध दिखाई दिया। पुलिस टीम ने उसे रोकने का प्रयास किया तो वह भागने लगा। भागने के दौरान उसकी मोटरसाइकिल फिसलकर गिर गई। इसके बाद आरोपी ने पुलिस पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी के फायरिंग करने के बाद पुलिस टीम ने अपनी आत्मरक्षा के लिए जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान गोली लगने से आरोपी घायल हो गया। पुलिस ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अपराधी की पहचान खेत्रपाल पुत्र गोपाल, निवासी महरौली, थाना गोवर्धन, जनपद मथुरा के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी खेत्रपाल हत्या के प्रयास के एक मामले में फरार चल रहा था। पूछताछ के दौरान उसने बताया कि 9 अक्टूबर को उसने अपने ही गांव के प्रमोद कुमार को गोली मारकर उसकी हत्या का प्रयास किया था। इस घटना के बाद से वह फरार चल रहा था और पुलिस से बचने की फिराक में था। पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी। इसी बीच चेकिंग के दौरान पुलिस और एसओजी टीम से उसका सामना हो गया।
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने घटनास्थल से अवैध तमंचा, कारतूस और वारदात में प्रयुक्त अपाचे मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस अब बरामद हथियार और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।
घायल आरोपी को प्राथमिक उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोवर्धन भेजा गया है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी के विरुद्ध नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। इस संबंध में क्षेत्राधिकारी गोवर्धन अनिल कुमार सिंह ने पुलिस कार्रवाई की जानकारी दी।