Shri Krishna Janmabhoomi Hotel: थाना गोविंद नगर क्षेत्र में श्रीकृष्ण जन्मभूमि के सामने स्थित एक होटल में नाबालिगों को कमरा उपलब्ध कराने का मामला सामने आने के बाद पुलिस ने कार्रवाई की है। पुलिस की छापेमारी के दौरान होटल से करीब 16 और 17 वर्ष की दो नाबालिग लड़कियों को बरामद किया गया।
पुलिस ने मौके पर मौजूद होटल कर्मचारी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं होटल मालिक जगदीश और मामले में मुख्य आरोपी बताए जा रहे इमरान निवासी मटिया गेट के फरार होने की जानकारी सामने आई है।
जानकारी के मुताबिक गोविंद नगर थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि श्रीकृष्ण जन्मभूमि के समीप स्थित होटल ब्रजराज में नाबालिग युवक-युवतियों को ठहराया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने होटल पर पहुंचकर जांच और छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान होटल में दो नाबालिग लड़कियां मिलीं, जिन्हें पुलिस ने अपने संरक्षण में ले लिया।
पुलिस के अनुसार, होटल पर उस समय एक कर्मचारी मौजूद था। पूछताछ में कर्मचारी ने बताया कि होटल का स्वामी जगदीश है। पुलिस ने कर्मचारी को हिरासत में लेकर मामले से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटानी शुरू कर दी। दूसरी ओर होटल मालिक जगदीश मौके से फरार बताया जा रहा है। पुलिस उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश देने की बात कह रही है।
मामले में इमरान निवासी मटिया गेट को मुख्य आरोपी बताया जा रहा है। पुलिस कार्रवाई की जानकारी मिलते ही उसके फरार होने की बात सामने आई है। पुलिस उसकी तलाश में भी जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
बरामद दोनों नाबालिगों को नियमानुसार पुलिस संरक्षण में रखा गया है। महिला पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में उनकी काउंसलिंग कराई जा रही है। इसके साथ ही आवश्यक मेडिकल प्रक्रिया पूरी कराने और परिजनों को सूचना देने की कार्रवाई भी की जा रही है। पुलिस नाबालिगों के बयान दर्ज कर पूरे मामले की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है।
स्थानीय लोगों और प्रत्यक्षदर्शियों की ओर से होटल संचालन को लेकर कई गंभीर आरोप भी लगाए गए हैं। आरोप है कि कथित तौर पर पैसे के लालच में बिना पर्याप्त पहचान पत्र और निर्धारित नियमों का पालन किए युवाओं को कमरे उपलब्ध कराए जाते हैं। यह भी दावा किया गया है कि होटल पर पहले भी पुलिस कार्रवाई या छापेमारी हो चुकी है। हालांकि इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
सीओ सिटी आशाना चौधरी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। बरामद नाबालिगों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई आगे बढ़ाई जा रही है। फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है और जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर संबंधित धाराओं में वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस की इस कार्रवाई के बाद होटल में नाबालिगों को ठहराने के आरोप ने क्षेत्र में चर्चा बढ़ा दी है। अब पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि होटल में नाबालिगों को कमरा किस परिस्थिति में उपलब्ध कराया गया और इसमें कौन-कौन लोग शामिल थे।