एक ही परिवार की तीन पीढ़ियों की दर्दनाक मौत
देवस्देथान बनवा रहे थे परिजन
हादसे के बाद ग्रामीणों में आक्रोश, हाईवे पर लगाया जाम
Terrible Accident in Mathura : मथुरा-बरेली हाईवे पर गुरुवार को तेज रफ्तार और अनियंत्रित कार ने एक ही परिवार की तीन पीढ़ियों को मौत की नींद सुला दिया। थाना राया क्षेत्र के गांव गजू के पास हुए इस भीषण सड़क हादसे में खेत में अपने देवताओं का थान बनवा रहे नाती, पिता और बाबा की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। एक साथ परिवार के तीन सदस्यों की मौत से पूरे गांव में मातम छा गया, वहीं आक्रोशित ग्रामीणों ने हाईवे पर जाम लगाकर विरोध प्रदर्शन किया।
जानकारी के मुताबिक, गांव गजू निवासी अंकित पुत्र हरवीर सिंह, उसके पिता हरवीर सिंह पुत्र जवाहर सिंह और बाबा जवाहर सिंह गुरुवार को अपने खेत में देवताओं का थान बनवाने के कार्य में लगे हुए थे। परिवार के तीनों सदस्य खेत में निर्माण कार्य करा रहे थे। इसी दौरान मथुरा-बरेली हाईवे की ओर से तेज रफ्तार में आ रही एक कार अचानक अनियंत्रित हो गई। कार सड़क से उतरकर सीधे खेत में जा घुसी और वहां काम कर रहे तीनों लोगों को अपनी चपेट में ले लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार की रफ्तार इतनी तेज थी कि खेत में मौजूद लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। भीषण टक्कर के चलते अंकित, उसके पिता हरवीर सिंह और बाबा जवाहर सिंह ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत की खबर मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया।
वहीं, हादसे में कार चालक भी गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही थाना राया पुलिस मौके पर पहुंची और घायल चालक को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने तीनों मृतकों के शव कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी।
उधर, एक ही परिवार की तीन पीढ़ियों की मौत से ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। आक्रोशित ग्रामीणों ने जयपुर-बरेली हाईवे पर जाम लगा दिया। इससे हाईवे पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो गई और सड़क के दोनों ओर वाहनों की कतारें लगने लगीं। ग्रामीणों का आक्रोश देखते हुए राया थाना पुलिस के साथ कई थानों का पुलिस बल घटनास्थल पर पहुंच गया। पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाने और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया
इस हृदयविदारक हादसे ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है। जिस खेत में परिवार के लोग धार्मिक आस्था के प्रतीक देवता का थान(देवस्थान) बनवा रहे थे, उसी खेत में एक ही परिवार की तीन पीढ़ियों की अर्थियां उठने की नौबत आ गई। एक तेज रफ्तार कार ने हंसते-खेलते परिवार की खुशियां छीन लीं। हादसे के बाद गांव गजू सहित आसपास के इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।