Shri Krishna Janmabhoomi Mudia Purnima Fair: मुडिया पूर्णिमा मेले के अवसर पर राधाकुंड स्थित श्री गुरु कार्ष्णि बृजनन्द उदासीन आश्रम (बागड़ी की प्याऊ) में श्रीकृष्ण जन्मभूमि से जुड़े ऐतिहासिक दस्तावेजों एवं साक्ष्यों की प्रदर्शनी आयोजित की गई। प्रदर्शनी का आयोजन श्रीकृष्ण जन्मभूमि-शाही ईदगाह प्रकरण में हिंदू पक्षकार महेंद्र प्रताप सिंह एडवोकेट के नेतृत्व में चलाए जा रहे जनजागरण अभियान के अंतर्गत किया गया।
आश्रम के संस्थापक स्वामी रविन्द्रानंद जी महाराज ने पंपलेट वितरण के साथ प्रदर्शनी का शुभारंभ किया। इस अवसर पर स्वामी विश्वात्मानंद जी महाराज एवं संत श्यामानंद जी महाराज सहित अनेक संत उपस्थित रहे। प्रदर्शनी में विभिन्न ऐतिहासिक ग्रंथों, अभिलेखों और दस्तावेजों के आधार पर तैयार सामग्री प्रदर्शित की गई। आयोजनकर्ताओं के अनुसार, श्रद्धालुओं को श्रीकृष्ण जन्मभूमि के इतिहास तथा न्यायालय में विचाराधीन प्रकरण से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराई गई।
महेंद्र प्रताप सिंह एडवोकेट ने कहा कि मुडिया पूर्णिमा मेले में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु परिक्रमा के लिए पहुंच रहे हैं, इसलिए यह प्रदर्शनी जनजागरण का प्रभावी माध्यम बनी है। उन्होंने कहा कि श्रीकृष्ण जन्मभूमि-शाही ईदगाह प्रकरण न्यायालय में विचाराधीन है और हिंदू पक्ष ऐतिहासिक दस्तावेजों एवं उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर अपना पक्ष रख रहा है। उनके अनुसार, अभियान पूरी तरह संवैधानिक एवं न्यायिक प्रक्रिया के अनुरूप संचालित किया जा रहा है।
यह भी पढ़ें- आगरा में जया किशोरी की कथा: कंस वध, गोपी-उद्धव संवाद और सुदामा चरित्र ने दिया प्रेम, धर्म और संस्कार का संदेश
प्रदर्शनी स्थल पर श्रद्धालुओं को पंपलेट भी वितरित किए गए, जिनमें श्रीकृष्ण जन्मभूमि का संक्षिप्त इतिहास, न्यायालय में लंबित वाद तथा अभियान के उद्देश्य की जानकारी दी गई। आयोजनकर्ताओं का कहना है कि मेले में पहुंचे बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर विषय से संबंधित जानकारी प्राप्त की। कार्यक्रम में आश्रम के भक्तों एवं स्वयंसेवकों ने प्रदर्शनी संचालन और श्रद्धालुओं के मार्गदर्शन में सक्रिय सहयोग किया।