पशुओं के टीकाकरण में करोड़ों के घोटाले का आरोप
पशुपालन विभाग के खिलाफ भारतीय किसान यूनियन ने किया प्रदर्शन
सीडीओ ने मामले की जांच कराने का आश्वासन दिया
Mathura Animal Husbandry Department Scam: पशुओं के टीकाकरण में लापरवाही और सरकारी पैसे के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए किसानों ने मथुरा में पशुपालन विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया।
भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक के मंडल अध्यक्ष राजकुमार तोमर के नेतृत्व में किसान मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) कार्यालय पहुंचे और धरने पर बैठ गए। इस दौरान किसानों और पशु चिकित्सक के बीच तीखी बहस भी हुई।
किसानों ने विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। सीडीओ ने मामले की जांच कराने और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया।
किसानों का आरोप है कि ग्रामीण क्षेत्रों में पशुओं के टीकाकरण के नाम पर केवल कागजों में काम पूरा दिखाया जा रहा है। जबकि हकीकत में पशुओं को तय तरीके से टीके नहीं लगाए जा रहे हैं।
किसानों का कहना है कि टीकाकरण अभियान के लिए योगी सरकार की ओर से बजट खर्च किया जा रहा है, लेकिन इसका पूरा लाभ पशुपालकों तक नहीं पहुंच रहा।
पशुपालन विभाग में कथित अनियमितताओं की शिकायत लेकर पहुंचे किसानों ने अधिकारियों और कर्मचारियों की कार्यशैली पर सवाल उठाए। इसी दौरान उनकी पशु चिकित्सक से तीखी नोकझोंक हो गई। किसानों ने आरोप लगाया कि टीकाकरण अभियान में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी हो रही है और सरकारी धन का सही इस्तेमाल नहीं किया जा रहा।
किसान नेता राजकुमार तोमर ने आरोप लगाया कि पशुओं के टीकाकरण के नाम पर करोड़ों रुपये का घोटाला किया गया है। उनका कहना है कि यदि ग्रामीण क्षेत्रों में टीकाकरण अभियान की वास्तविक स्थिति की जांच कराई जाए तो कई गंभीर अनियमितताएं सामने आ सकती हैं।
किसानों ने पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने और जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की मांग की। उनका कहना है कि सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे पशुपालकों तक पहुंचना चाहिए।
किसानों की शिकायत सुनने के बाद मथुरा के सीडीओ ने मामले की जांच कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ जरूरी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही किसानों को उनकी समस्याओं के समाधान के लिए हर संभव मदद का भरोसा भी दिलाया।