स्वच्छता संवाद अधिवेशन  (सोर्स- फोटो नवभारत)
मथुरा

स्वच्छता का संदेश देंगे ई-रिक्शा ड्राइवर; प्रशासन करेगा समस्याओं का समाधान, चालक बनेंगे स्वच्छता एंबेसडर

E Rickshaw Drivers: वृंदावन में ई-रिक्शा चालकों को स्वच्छता एंबेसडर बनाने की पहल की गई है। प्रशासन ने चालकों की समस्याओं के समाधान के लिए समिति गठित करने का आश्वासन दिया।

मोहन श्याम शर्मा, स्निग्धा श्रीवास्तव

Vrindavan E Rickshaw Drivers: पानीगांव संपर्क मार्ग स्थित मंडी परिसर में गुरुवार को ई-रिक्शा चालकों के साथ जन जागरूकता एवं स्वच्छता संवाद अधिवेशन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारियों ने ब्रज की स्वच्छता, यातायात व्यवस्था और ई-रिक्शा चालकों की समस्याओं को लेकर विस्तार से चर्चा की।

इस दौरान जिलाधिकारी सीपी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार, तीर्थ विकास परिषद के उपाध्यक्ष शैलजकांत मिश्र, एमवीडीए उपाध्यक्ष लक्ष्मी एन. तथा नगरायुक्त ओजस्वी राज मौजूद रहे।

सार्वजनिक स्थानों पर स्वच्छता को लेकर किया जा रहा जागरूक

अधिवेशन में नगरायुक्त ओजस्वी राज ने कहा कि वृंदावन सहित पूरे ब्रज मंडल को स्वच्छ और सुंदर बनाने के उद्देश्य से पिछले दो माह से ब्रज वैभव अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत धार्मिक स्थलों, प्रमुख मार्गों और सार्वजनिक स्थानों पर स्वच्छता को लेकर लोगों को जागरूक किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि वृंदावन आने वाले श्रद्धालुओं का सबसे पहला संपर्क अक्सर ई-रिक्शा और ऑटो चालकों से होता है। ऐसे में ई-रिक्शा चालक ब्रज की छवि को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

चालकों को स्वच्छता एंबेसडर के रूप में कार्य करने का आह्वान

नगरायुक्त ने ई-रिक्शा चालकों से अपील की कि वे केवल यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने तक सीमित न रहें, बल्कि स्वच्छता के प्रति लोगों को जागरूक करने में भी सहयोग करें। उन्होंने चालकों को स्वच्छता एंबेसडर के रूप में कार्य करने का आह्वान करते हुए कहा कि यात्रियों को कूड़ा सड़क पर न फेंकने, सार्वजनिक स्थानों को साफ रखने और शहर की स्वच्छता व्यवस्था में सहयोग करने के लिए प्रेरित किया जाए। इससे वृंदावन आने वाले श्रद्धालुओं के बीच भी स्वच्छता का सकारात्मक संदेश जाएगा।

राष्ट्रभक्ति और स्वच्छता का संदेश जन-जन तक पहुंचाने की अपील

कार्यक्रम को केंद्र सरकार के हर घर तिरंगा अभियान से भी जोड़ा गया। अधिकारियों ने ई-रिक्शा चालकों से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्रभक्ति और स्वच्छता का संदेश जन-जन तक पहुंचाने की अपील की। अधिकारियों ने कहा कि शहर को स्वच्छ रखने की जिम्मेदारी केवल नगर निगम या प्रशासन की नहीं है, बल्कि इसमें स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों, वाहन चालकों और श्रद्धालुओं की भी महत्वपूर्ण भूमिका है।

ई-रिक्शा चालकों की समस्याओं के समाधान के लिए होगा समिति का गठन

अधिवेशन के दौरान ई-रिक्शा चालकों ने अपनी विभिन्न समस्याएं भी अधिकारियों के सामने रखीं। चालकों ने अपने व्यवसाय से जुड़ी दिक्कतों और व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया। नगरायुक्त ओजस्वी राज ने चालकों को आश्वासन दिया कि उनकी समस्याओं के समाधान के लिए एक समिति का गठन किया जाएगा। समिति ई-रिक्शा चालकों के प्रतिनिधिमंडल से आवेदन प्राप्त करेगी और नियमानुसार उनकी समस्याओं के निस्तारण की प्रक्रिया आगे बढ़ाएगी।

अधिकारियों ने कहा कि प्रशासन और ई-रिक्शा चालकों के बीच बेहतर समन्वय से वृंदावन में यातायात व्यवस्था, स्वच्छता और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को और बेहतर बनाया जा सकता है। कार्यक्रम के माध्यम से प्रशासन ने ई-रिक्शा चालकों को शहर की व्यवस्था का महत्वपूर्ण भाग बताते हुए उनसे जिम्मेदारी के साथ अपनी भूमिका निभाने की अपील की।

बिहार में फिर शुरू होगी शराब की बिक्री? शराबबंदी पर उठ रहे सवालों के बीच बड़ा अपड़ेट, सरकार ने किया अहम बदलाव

मैं RSS की भी रक्षा करुंगा, अगर उनकी अभिव्यक्ति को दबाने की कोशिश होगी...राहुल गांधी का बड़ा बयान

रामेश्वरम से निकले थे समुद्र में, पहुंच गए श्रीलंका की जेल! भारतीय मछुआरों की गिफ्तारी से बढ़ा तनाव

आज की ताजा खबर 13 अगस्त LIVE: सुखबीर सिंह बादल पर हुआ जानलेवा हमला, अस्पताल में भर्ती

शरीयत मानने वाले अल्लाह के सिवा किसी की इबादत नहीं कर सकते... लाल किले से वंदे मातरम गायन पर अबू आजमी का बयान