UP Power Supply SLDC Modernization: उत्तर प्रदेश में सुचारु, सुरक्षित और विश्वसनीय बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए योगी सरकार विद्युत व्यवस्था को मजबूत बनाने पर लगातार जोर दे रही है। इसी क्रम में प्रमुख सचिव ऊर्जा एवं यूपी पावर कारपोरेशन के अध्यक्ष रणवीर प्रसाद ने लखनऊ स्थित स्टेट लोड डिस्पैच सेंटर (एसएलडीसी) का सघन निरीक्षण किया। रणवीर प्रसाद ने केंद्र के आवश्यक आधुनिकीकरण को शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान रणवीर प्रसाद ने एसएलडीसी की कार्य प्रणाली, रियल टाइम ग्रिड मॉनिटरिंग, स्काडा सिस्टम और लोड प्रबंधन की विस्तृत जानकारी ली। प्रमुख सचिव ऊर्जा एवं यूपी पावर कारपोरेशन के अध्यक्ष रणवीर प्रसाद ने कहा कि प्रदेश की सम्पूर्ण विद्युत व्यवस्था में एसएलडीसी की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
एसएलडीसी ही वह केंद्र है, जो उत्तर प्रदेश के विद्युत भार (लोड) का रियल टाइम आंकलन एवं पूर्वानुमान करता है। उत्पादन केंद्रों से प्राप्त बिजली एवं वितरण निगमों की मांग के बीच संतुलन बनाता है। ग्रिड की फ्रीक्वेंसी को स्थिर रखता है तथा लाइनों को ओवरलोड होने से बचाता है।
प्रमुख सचिव रणवीर प्रसाद ने कहा कि ट्रिपिंग, ब्रेकडाउन की स्थिति में त्वरित रिस्टोरेशन एवं वैकल्पिक स्रोत से आपूर्ति सुनिश्चित करता है। नवीकरणीय ऊर्जा (सोलर/विंड) के एकीकरण एवं ए.बी.टी. मीटरिंग का प्रबंधन करता है। साथ ही रणवीर प्रसाद ने कहा कि आने वाला एक महीना गर्मी एवं अधिक मांग के दृष्टिकोण से अत्यधिक चुनौतीपूर्ण है, इसलिए पूरी सावधानी के साथ लोड डिस्पैच किया जाए। जिससे कहीं भी अनावश्यक ओवरलोडिंग और ट्रिपिंग न हो और उपभोक्ताओं को निर्बाध आपूर्ति मिल सके। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार जनता को सुरक्षित और सुचारु बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
बता दें कि आईआईटी कानपुर से इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग कर चुके रणवीर प्रसाद ने सोमवार को राज्य के ऊर्जा विभाग का दायित्व संभाला। प्रसाद 2000 बैच के प्रसाद दक्षिणांचल डिस्कॉम के साथ ही राज्य के उत्पादन निगम व पारेषण निगम के प्रबंध निदेशक भी रह चुके हैं।
ऊर्जा विभाग का दायित्व संभालाने वाले प्रसाद प्रमुख सचिव खाद्य एवं रसद के पद से कार्यमुक्त होकर शक्तिभवन पहुंचे। उन्होंने पावर कॉरपोरेशन के अध्यक्ष की कुर्सी संभाली। सचिवालय में कई अहम विभागों को संभालने के अलावा वे आवास आयुक्त रह चुके है और आजमगढ़, मैनपुरी, ललितपुर, संतकबीरनगर, उन्नाव व भदोही के जिलाधिकारी के पद का भी कार्यभार संभाल चुके हैं। प्रसाद हर मंगलवार को विभागीय अधिकारियों-अभियंताओं के साथ बिजली आपूर्ति की स्थिति की समीक्षा करेंगे।