समाजवादी पार्टी ने कांग्रेस को 26 सीटों की सूची सौंपी
कांग्रेस 125 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ना चाहती है
सद प्रमोद तिवारी के घर आज दूसरे दौर की बैठक
Samajwadi Party Congress Alliance: उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच गठबंधन को लेकर सीटों का गणित उलझता नजर आ रहा है। कांग्रेस जहां यूपी में 125 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ना चाहती है, वहीं समाजवादी पार्टी ने उसे फिलहाल सिर्फ 26 सीटों की सूची सौंपी है।
कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने सपा के साथ सीट शेयरिंग को लेकर कहा कि मांगने और सहयोग में फर्क होता है। गठबंधन में मांगना नहीं होता है। आपसी सहयोग है।
हालांकि दोनों दलों के बीच सीटों को लेकर सहमति बनाने की कोशिश हो रही है। जिसको लेकर सांसद प्रमोद तिवारी के घर दिल्ली में आज दूसरे दौर की बैठक है।
सपा-कांग्रेस के बीच गठबंधन की बातचीत को लेकर सपा के सांसद राम गोपाल यादव ने कहा ने कहा कि बैठक में जो कहना था, वो कल कहा था। मैंने उनको (कांग्रेस) अपनी 26 सीटें भी दे दी हैं और फिर आज बात करने जा रहे हैं।
सपा नेता राजीव राय ने भी 26 सीटों की बात दोहराई। उन्होंने कहा कि इन सीटों पर चर्चा की जाएगी और कांग्रेस को एक सूची सौंपी गई है।
समाजवादी पार्टी की नेता इकरा हसन राम गोपाल यादव के आवास पर पहुंचीं। उन्होंने कहा कि जब सीटों के बंटवारे पर बातचीत होगी, तो उनकी तरफ से कुछ प्रस्ताव आएंगे और हमारी तरफ से भी कुछ प्रस्ताव रखे जाएंगे। इसी तरह बातचीत आगे बढ़ेगी। चर्चा सार्थक और सकारात्मक है।
उन्होंने कहा कि दोनों पार्टियों का नेतृत्व और हम सभी मिलकर अंतिम फैसला लेंगे। बातचीत अभी शुरू ही हुई है और मुझे लगता है कि इसमें एक-दो दिन और लग सकते हैं। चर्चा सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ रही है। उनकी तरफ से कुछ प्रस्ताव हैं और हम भी बातचीत के दौरान अपने प्रस्ताव रखेंगे।
दरअसल, कांग्रेस ने समाजवादी पार्टी से यूपी की 403 विधानसभा सीटों में से 125 सीटों पर चुनाव लड़ने की मांग की है। लेकिन सपा फिलहाल इतनी सीटें देने को तैयार नहीं दिख रही है। पार्टी की ओर से कांग्रेस को 26 सीटों की सूची सौंपे जाने के बाद दोनों दलों के बीच सीटों को लेकर बातचीत अहम हो गई है। अब प्रमोद तिवारी के आवास पर हो रही दूसरे दौर की बैठक में क्या सहमति बनती है, इस पर नजर है।