कांग्रेस नेता अजय राय सोर्स- IANS
लखनऊ

सहारनपुर जा रहे UP कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय गिरफ्तार, रिहाई के बाद अनिश्चितकालीन धरने में हुए शामिल

Ajay Rai Detained: सहारनपुर कलेक्ट्रेट परिसर में मस्जिद मामले में अजय राय को लखनऊ में पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस लाइन से रिहा होकर इको गार्डेन में चल रहे अनिश्चितकालीन धरने में शामिल हो गए।

अमन मौर्या

Ajay Rai Mall Avenue Lucknow Protest: उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय को पुलिस ने सोमवार को सहारनपुर जाने से रोक दिया। सहारनपुर कलेक्ट्रेट परिसर में मस्जिद के ध्वस्तीकरण की घटना के बाद मस्जिद कमेटी के सदस्यों और पीड़ितों से मुलाकात के लिए जा रहे राय को माल एवेन्यू चौराहे पर भारी पुलिस बल ने रोक लिया।

विरोध में वह सड़क पर बैठ गए, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ हिरासत में लेकर पुलिस लाइन पहुंचाया।

अनिश्चितकालीन धरने में शामिल हुए कार्यकर्ता

कांग्रेस के मुताबिक, प्रदेश अध्यक्ष सहित सभी कांग्रेसजनों को बाद में पुलिस लाइन से छोड़ दिया गया। इसके बाद अजय राय कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ लखनऊ के ईको गार्डेन पहुंचे, जहां अनुसूचित जाति विभाग की ओर से चल रहे अनिश्चितकालीन धरने में शामिल हुए।

पार्टी का दावा है कि यह धरना सोमवार को सातवें दिन भी जारी रहा। प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय से सहारनपुर के लिए रवाना हुए अजय राय को माल एवेन्यू चौराहे पर पुलिस ने आगे जाने से रोक दिया। इस दौरान वहां मौजूद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुलिस कार्रवाई का विरोध किया।

योगी सरकार पर साधा निशान

पुलिस लाइन ले जाए जाने के बाद अजय राय ने प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि सरकार पीड़ितों की आवाज उठाने वाले विपक्षी नेताओं को रोक रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल सहारनपुर जा रहा था और उन्हें भी वहां पहुंचना था, लेकिन सरकार ने रास्ते में ही रोक दिया। राय ने कहा, “रास्ता रोक सकते हैं, आवाज नहीं दबा सकते।”

जनआकांक्षाओं पर विफल होने से सरकार में डर

उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जनआकांक्षाओं पर विफल होने के कारण डर गई है। कांग्रेस पीड़ितों की लड़ाई आगे भी लड़ती रहेगी। पुलिस लाइन से निकलने के बाद राय और अन्य कांग्रेस नेता ईको गार्डेन पहुंचे। यहां उन्होंने कांग्रेस के अनुसूचित जाति विभाग की ओर से चलाए जा रहे अनिश्चितकालीन धरने में हिस्सा लिया।

शुद्धिकरण को लेकर सरकार पर हमला

कांग्रेस के मुताबिक, यह धरना उत्तराखंड के हल्द्वानी में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की जनसभा के बाद मंच के कथित ‘शुद्धिकरण’ को लेकर शुरू किया गया है। पार्टी का आरोप है कि मंच के शुद्धिकरण के लिए जिम्मेदार भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने के बजाय कांग्रेस नेता एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई।

कांग्रेस ने राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज प्राथमिकी को निरस्त करने और कथित दोषियों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। अनिश्चितकालीन धरने का नेतृत्व उत्तर प्रदेश कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग के चेयरमैन एवं सांसद तनुज पुनिया कर रहे हैं। एजेंसी इनपुट के साथ...

जामिया मिल्लिया इस्लामिया में क्यों हो रहा है प्रदर्शन? समर्थन में पहुंचे इमरान मसूद को पुलिस ने किया डिटेन

MLC Election 2026: चार राज्यों की 28 सीटों पर मतदान खत्म, कब आएंगे नतीजे?

नेहा बोरा की याचिका दिल्ली हाई कोर्ट ने की खारिज, भरना पड़ेगा पीस बॉन्ड

बिहार के सीवान में पटाखा फैक्टरी में भीषण विस्फोट, आठ लोगों की मौत; कई घायल

LAC पर भारत-चीन के बीच क्या बातचीत चल रही है? विदेश मंत्रालय के बयान का पूरा मतलब समझिए